केकेआर ने पंजाब किंग्स की पारी को 111 रन पर समेटा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 15 Apr 2025 09:57 PM
केकेआर ने पंजाब किंग्स की पारी को 111 रन पर समेटा
ऑडियो सुनें

मुल्लांपुर. कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मंगलवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में मेजबान पंजाब किंग्स को महज 111 रन पर आउट कर दिया.यह मौजूदा आईपीएल सत्र का दूसरा सबसे छोटा स्कोर है. पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर की अपने घरेलू मैदान पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने की रणनीति उल्टी पड़ गई क्योंकि सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य (22) और प्रभसिमरन सिंह (30) को छोड़कर उनके सभी बल्लेबाज घरेलू मैदान पर संघर्ष करते दिखे.
इन दोनों के अलावा केवल नेहल वढेरा (10), शशांक सिंह (18) और जेवियर बार्टलेट (11) ही दोहरे अंक में रन बना सकें.

पंजाब किंग्स के कुछ बल्लेबाजों ने लापरवाही भरा और खराब शॉट खेलकर विकेट गंवाये. केकेआर के लिए र्हिषत राणा (25 रन पर तीन विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे, जबकि वरुण चक्रवर्ती (21 रन पर दो विकेट) और सुनील नारायण (14 रन पर दो विकेट) ने दो-दो सफलता हासिल की. पिछले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शतक जड़ने वाले आर्य ने एनरिक नोर्किया के खिलाफ दो चौके तो वहीं प्रभसिमरन सिंह ने वैभव अरोड़ा के खिलाफ लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाकर पंजाब को तेज शुरुआत दिलायी.

चौथे ओवर में गेंदबाजी के लिए आये र्हिषत ने पहली गेंद पर छक्का खाने के बाद तीन गेंद के अंदर आर्य और कप्तान कप्तान श्रेयस अय्यर (शून्य) को चलता कर केकेआर की शानदार वापसी कराई. इन दोनों का शानदार कैच रमनदीप सिंह ने लपका. शानदार लय में चल रहे अय्यर र्हिषत की गेंद को हवा में खेल बैठे और रमनदीप ने दौड़ लगाने के बाद डाइव मारकर गेंद को मैदान से कुछ इंच ऊपर से पकड़ लिया.

पंजाब की खराब बल्लेबाजी इसके बाद भी जारी रही और जोश इंग्लिस (दो) को चक्रवर्ती ने बोल्ड कर दिया, जिससे घरेलू टीम पांचवें ओवर में तीन विकेट गंवा चुकी थी. प्रभसिमरन पर इन विकेटों का कोई असर नहीं हुआ और इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने छठे ओवर में र्हिषत की गेंदों पर लगातार दो छक्के जड़े. वह हालांकि दो गेंद बाद ही इस गेंदबाज का तीसरा शिकार बने. उनका कैच भी रमणदीप ने ही पकड़ा.

पावर प्ले में टीम 54 रन पर चार विकेट गंवा कर मुश्किल में थी और पारी को संवारने की जिम्मेदारी अनुभवी ग्लेन मैक्सवेल (सात) और वढेरा पर थी. दोनों ने दो ओवर संभल कर बल्लेबाजी की लेकिन नोर्किया ने अपने दूसरे स्पैल में वढेरा को पवेलियन की राह दिखा दी. मैक्सवेल का खराब फॉर्म जारी रहा जो चक्रवर्ती का शिकार बने.

टीम ने 80 रन तक छह विकेट गंवा दिये थे और अनुभवी स्पिनर नारायण ने सुर्यांश शेडगे (चार) और मार्को यानसेन (एक) को आउट कर पंजाब के लिए वापसी की राह कठिन कर दी. शशांक और बार्टलेट ने नौवें विकेट के लिए 23 रन की साझेदारी के साथ टीम को 100 रन के पार पहुंचाया लेकिन दोनों तीन गेंद के अंदर आउट हो गये. शशांक को अरोड़ा ने पगबाधा किया तो वही बार्टलेट के रन आउट होने से पंजाब की पारी सिमट गयी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu