एयर होस्टेस के यौन उत्पीड़न मामले में आरोपियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 16 Apr 2025 03:49 PM
एयर होस्टेस के यौन उत्पीड़न मामले में आरोपियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई
ऑडियो सुनें

गुरुग्राम: गुरुग्राम में स्थित मेदांता अस्पताल में वेंटिलेटर पर पड़ी एक एयर होस्टेस का यौन उत्पीड़न करने के आरोपियों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। मेदांता अस्पताल ने कहा कि आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है और वह जांच में पूरा सहयोग कर रहा है।

गुरुग्राम में स्थित मेदांता अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय दुरानी ने एक बयान में कहा कि संबंधित समय अवधि के अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज सहित सभी प्रासंगिक दस्तावेज गुरुग्राम पुलिस को दे दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। पीड़ित महिला (46) ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि वह अपनी कंपनी की ओर से प्रशिक्षण के लिए गुरुग्राम आई थी और एक होटल में रुकी थी। शिकायत के अनुसार, तबीयत बिगड़ने के बाद उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पीड़ित महिला के पति ने पांच अप्रैल को उसे गुरुग्राम के दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, 13 अप्रैल को छुट्टी मिलने के बाद उसने अपने पति को अस्पताल में अपने साथ हुए दुर्व्यवहार की दर्दनाक कहानी बताई।
शिकायत में महिला ने कहा, “छह अप्रैल को जब मैं वेंटिलेटर पर थी, उस दौरान अस्पताल के कुछ कर्मचारियों ने मेरा यौन उत्पीड़न किया।”

महिला ने बताया कि चूंकि वह वेंटिलेटर पर थी, इसलिए वह बोल नहीं पा रही थी और बहुत डरी हुई थी।
उसने बताया कि वह अर्धचेतन अवस्था में थी और घटना के दौरान दो नर्सें उसके आसपास थीं, लेकिन उन्होंने हस्तक्षेप नहीं किया।

अस्पताल ने बयान में कहा, “हमें एक मरीज की शिकायत के बारे में जानकारी मिली है और हम संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं।” गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने कहा, “जांच जारी है और हम आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।”

पुलिस ने बताया कि शिकायत के बाद सोमवार को सदर थाने में अस्पताल के अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पीड़िता का बयान सोमवार को अदालत में मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज किया गया।
प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस टीम आरोपियों की पहचान के लिए अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और ड्यूटी चार्ट की जांच कर रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital