एक जोड़ी चप्पल लौटाने में 99,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 22 Apr 2025 08:13 PM
एक जोड़ी चप्पल लौटाने में 99,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी
ऑडियो सुनें

भदोही. भदोही जिले में ऑनलाइन चप्पल खरीदने और पसंद नहीं आने पर उसे लौटाने की कवायद में अधिवक्ता अरुण कुमार श्रीवास्तव 99,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए. इस मामले में मंगलवार को मामला दर्ज किया गया. ज्ञानपुर के थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष द्विवेदी ने बताया कि इस थाना क्षेत्र के बालीपुर निवासी अधिवक्ता 55 वर्षीय अरुण कुमार श्रीवास्तव ने ‘अमेजन’ से एक जोड़ी चप्पल 25 मार्च, 2025 को ऑनलाइन खरीदी और बाद में चप्पल पसंद नहीं आने पर उन्होंने इसे वापस कर दिया.

थाना प्रभारी का कहना है कि खरीदी गई चप्पल का भुगतान वापस लेने के लिए श्रीवास्तव ने गूगल सर्च के ज़रिये ढ़ूढ़े गये एक ‘कस्टमर केयर नंबर’ पर फोन कर भुगतान वापस मांगा. उसी नंबर से व्हाट्सऐप काल पर एक व्यक्ति ने उनसे ओटीपी पूछा और अधिवक्ता ने ओटीपी बता दिया.

द्विवेदी ने बताया कि बाद में अरुण कुमार श्रीवास्तव को जानकारी मिली कि इंडियन बैंक की ज्ञानपुर शाखा में उनके खाते से 99,000 रुपये निकल गए. उन्होंने बताया कि अरुण कुमार श्रीवास्तव ने गूगल पर किसी फर्जी वेबसाइट को खोलकर उस पर दिए गए नंबर को अमेजन का ‘कस्टमर केयर नंबर’ समझ लिया था और वह ठगी का शिकार हो गए. उन्होंने कहा कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu