पाकिस्तान के पक्ष में बोलने वाला कोई भी व्यक्ति गलत है, यह देशद्रोह के बराबर: सिद्धरमैया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 30 Apr 2025 09:06 PM
पाकिस्तान के पक्ष में बोलने वाला कोई भी व्यक्ति गलत है, यह देशद्रोह के बराबर: सिद्धरमैया
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु/अलीगढ़. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बुधवार को कहा कि अगर कोई व्यक्ति पाकिस्तान के पक्ष में बोलता है, तो वह गलत है और ऐसा करना देशद्रोह के बराबर है. सिद्धरमैया ने कहा कि मंगलुरु में कथित तौर पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ का नारा लगाने वाले एक व्यक्ति की भीड़ द्वारा हत्या किए जाने के संबंध में जांच जारी है.

सिद्धरमैया ने मंगलुरु में कथित तौर पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ का नारा लगाने पर एक व्यक्ति की हत्या पर संवाददाताओं के सवाल का जवाब देते हुए कहा, “अगर पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाया गया तो यह गलत है, चाहे वह कोई भी हो. जांच अभी जारी है, मामला दर्ज कर लिया गया है, रिपोर्ट आने दीजिए. यह स्पष्ट हो जाएगा कि किसके खिलाफ क्या कार्रवाई की जानी चाहिए.” उन्होंने कहा, ”अगर कोई पाकिस्तान के पक्ष में बोलता है तो यह गलत है, यह देशद्रोह है.” गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि मंगलुरु में एक व्यक्ति की भीड़ द्वारा हत्या कर दी गई और इस घटना के संबंध में पूछताछ के दौरान आरोपियों ने यह दावा किया कि मृतक ने ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ का नारा लगाया था.

उन्होंने कहा, “इस मामले की जांच की जा रही है… अब तक करीब 20 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.” उन्होंने बताया कि पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मृतक कौन था, कहां से आया था और उसका क्या इतिहास था. इस संदर्भ में, क्रिकेट मैच खेलने गए लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, क्योंकि वे घटना के समय आसपास थे.

जब गृह मंत्री परमेश्वर से पूछा गया कि क्या मृतक व्यक्ति केरल के वायनाड का था, तो उन्होंने कहा कि इस तरह की जानकारी है, लेकिन इसकी पुष्टि करने की आवश्यकता है. इसके लिए मृतक की पहचान स्थापित की जाएगी और उसके परिवार से संपर्क किया जाएगा.

जब उनसे यह सवाल पूछा गया कि क्या पुलिस की तरफ से कोई चूक हुई है, क्योंकि कुछ खबरों में यह दावा किया गया था कि पहले इसे आत्महत्या के रूप में पेश करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कहा, “हमें ऐसी कोई जानकारी नहीं है. अगर ऐसा कुछ है, तो वह जांच से सामने आएगा. अगर पुलिस की कोई चूक पाई जाती है, तो उचित कार्रवाई की जाएगी.” गृह मंत्री ने आश्वस्त किया कि इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और इस बारे में कोई भी संशय नहीं होना चाहिए कि इसे हल्के में लिया जा रहा है.

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अशरफ के रूप में हुई है, जो केरल के वायनाड जिले के सुलतान बैथेरी तालुक के पुलपल्ली गांव का निवासी था. पुलिस ने बताया कि यह घटना 27 अप्रैल को मंगलुरु के बाहरी इलाके कुडुपु गांव में भात्रा कल्लुर्ती मंदिर के पास एक क्रिकेट मैच के दौरान हुई थी. पुलिस ने बताया कि अशरफ पर कथित तौर पर लाठियों से हमला किया गया, जिससे उसे चोटें आईं और आंतरिक रक्तस्राव हुआ. उसे अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया था.

छात्र को पाकिस्तानी ध्वज पर पेशाब करने के लिए मजबूर करने का वीडियो वायरल,तीन लोगों पर मामला दर्ज

अलीगढ़ शहर में लोगों की भीड़ द्वारा कथित तौर पर एक स्कूली छात्र को सड़क पर पड़े पाकिस्तानी ध्वज पर पेशाब करने के लिए मजबूर करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन लोगों पर मामला दर्ज किया है. पुलिस ने यह जानकारी देते हुए कहा कि उसने इस मामले में जांच शुरू की है.

वीडियो में भीड़ स्कूली छात्र को सड़क किनारे पड़े एक पाकिस्तानी झंडे पर पेशाब करने के लिए बाध्य करती नजर आती है.
वीडियो के संज्ञान में आते ही पुलिस ने सोमवार रात भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

अधिकारियों के अनुसार, घटना तब हुई जब राजकीय माध्यमिक विद्यालय में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र सोमवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ स्कूल से घर लौट रहा था. रास्ते में उसने रासलगंज के पास जमीन पर पाकिस्तानी झंडा देखा और उसे उठा लिया.
इसके कुछ ही देर बाद लोगों की भीड़ वहां एकत्रित हो गई जिन्होंने बच्चे से उसका नाम पूछा और उसे गाली दी. वीडियो में लड़का यह कहते हुए दिखता है कि उसने कौतूहलवश झंडे को उठा लिया था.

लड़के के परिजनों की शिकायत पर सोमवार रात बन्ना देवी थाने में तीन लोगों- राजू, नितिन और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu