भारत ने नियंत्रण रेखा पर बिना उकसावे के संघर्ष विराम उल्लंघन के लिए पाकिस्तान को चेतावनी दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 30 Apr 2025 10:13 PM
भारत ने नियंत्रण रेखा पर बिना उकसावे के संघर्ष विराम उल्लंघन के लिए पाकिस्तान को चेतावनी दी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पाकिस्तान की ओर से बिना उकसावे के की गई गोलीबारी को लेकर चेतावनी दी है. पहलगाम आतंकवादी हमले को लेकर बढ़ते तनाव के बीच भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियानों के महानिदेशकों ने ‘हॉटलाइन’ पर बातचीत की. सैन्य सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान शुक्रवार रात से नियंत्रण रेखा पर भारतीय सीमा में संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी कर रहा है और भारतीय सेना ने इसका ”उचित” जवाब दिया है.

सैन्य अभियानों के महानिदेशकों (डीजीएमओ) ने मंगलवार को यह बातचीत की. यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब भारत 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले का जवाब देने के लिए अपने विकल्पों पर विचार कर रहा है. इस हमले में 26 लोग मारे गये थे.
डीजीएमओ वार्ता से परिचित लोगों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना को बिना उकसावे के गोलीबारी के खिलाफ चेतावनी दी गई है. हालांकि, सूत्रों ने ‘हॉटलाइन’ पर हुई बातचीत को ”नियमित” बताया और कहा कि यह डीजीएमओ के बीच साप्ताहिक बातचीत थी जो हर मंगलवार को होती है.

सूत्रों ने बताया कि भारतीय डीजीएमओ ने पाकिस्तानी सेना द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघन का मामला जोरदार तरीके से उठाया.
तनाव कम करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, 25 फरवरी, 2021 को भारतीय और पाकिस्तानी सेनाओं ने घोषणा की थी कि वे 2003 के युद्धविराम समझौते के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी बंद कर देंगे. सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार रात को भी बारामूला और कुपवाड़ा जिलों तथा परगवाल सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार अपनी चौकियों से छोटे हथियारों का इस्तेमाल करते हुए ”बिना उकसावे के गोलीबारी” की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu