गोवा के मुख्यमंत्री ने मंदिर में भगदड़ के मामले की जांच की घोषणा की

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 03 May 2025 11:30 AM
गोवा के मुख्यमंत्री ने मंदिर में भगदड़ के मामले की जांच की घोषणा की
ऑडियो सुनें

पणजी: गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घोषणा की कि उत्तरी गोवा के मंदिर में मची भगदड़ के मामले की जांच की जाएगी और उसके बाद रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाएगा। उत्तरी गोवा स्थित एक मंदिर में शनिवार तड़के एक उत्सव के दौरान भगदड़ मचने से छह लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना पणजी से करीब 40 किलोमीटर दूर शिरगांव के श्री लईराई देवी मंदिर में तड़के करीब तीन बजे हुई। घटना के कुछ घंटों बाद सावंत ने भगदड़ स्थल का दौरा किया।
सावंत ने घटनास्थल पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने घटना की विस्तृत जांच का आदेश दिया है। हम रिपोर्ट सार्वजनिक करेंगे।’’

उन्होंने कहा कि राज्य में मंदिर उत्सवों के दौरान ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भविष्य में सावधानी बरती जाएगी। सावंत ने कहा कि भगदड़ के बारे में पता चलने के बाद वह सुबह मापुसा शहर स्थित उत्तरी गोवा जिला अस्पताल गए। इससे पहले सावंत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें फोन कर पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital