श्रीनगर/मेंढर/जम्मू. जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में मंगलवार को नियंत्रण रेखा के पास एक वाहन के खाई में गिर जाने से दो जवानों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जिस सैन्य वाहन में वे यात्रा कर रहे थे वह करनाह के टीटवाल क्षेत्र में रेयाला मुरचाना रोड पर एक खाई में गिर गया. अधिकारियों ने बताया कि दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए. उन्होंने बताया कि घायलों को यहां सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में बस खाई में गिरी, जवान समेत चार यात्रियों की मौत
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में मंगलवार सुबह एक निजी यात्री बस सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में एक जवान समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि 44 अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. हादसे पर शोक जताते हुए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की.
मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने राहत कार्यों की निगरानी के लिए अपने मंत्री और मेंढर के विधायक जावेद अहमद राणा को घटनास्थल पर भेजा. अधिकारियों ने बताया कि यह बस घानी गांव से मेंढर जा रही थी, जब सुबह करीब नौ बजकर 20 मिनट पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और यह खाई में जा गिरा. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के जवानों ने भी मोर्चा संभाला.
मृतकों की पहचान 45 वर्षीय मोहम्मद मजीद, 55 वर्षीय शकीला बेगम, 50 वर्षीय मोहम्मद हनीफ (तीनों घानी गांव निवासी) और 60 वर्षीय नूर हुसैन (कस्बलाड़ी निवासी) के रूप में हुई है. सेना का जवान मजीद असम में तैनात था और छुट्टी पर गांव आया हुआ था.
अधिकारी ने बताया कि हुसैन और मजीद की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बेगम की उपचार के लिए ले जाए जात समय रास्ते में और हनीफ की इलाज के दौरान राजौरी के सरकारी मेडिकल कॉलेज में मौत हुई. सात घायलों की हालत गंभीर बताई गई है. मेंढर के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशफाक चौधरी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
उन्होंने बताया, “हादसे की सूचना मिलते ही सभी 15 एंबुलेंस को मौके पर रवाना कर दिया गया और घायलों को पुलिस, सीआरपीएफ, सेना और स्थानीय स्वयंसेवकों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया.” उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर शोक जताते हुए कहा, “पुंछ में हुए इस दुखद सड़क हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं. दुख की इस घड़ी में मेरी प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.” मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की.
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा और हर संभव सहायता के लिए तुरंत निर्देश जारी किए गए हैं. मैंने मंत्री जावेद राणा को भी मौके पर जाकर राहत कार्यों की निगरानी करने को कहा है.” वहीं, पुंछ के लिए रवाना होने से पहले राणा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “इस दुखद हादसे से बेहद व्यथित हूं. मैंने जम्मू के संभागीय आयुक्त से बात की है और गंभीर रूप से घायल लोगों को हवाई मार्ग से जम्मू भेजने सहित हर जरूरी सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. जम्मू-कश्मीर सरकार पीड़ितों को हरसंभव मदद देगी.”