मनुस्मृति का अपमान करने के लिए राहुल गांधी हिंदू धर्म से बहिष्कृत: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 06 May 2025 08:50 PM
मनुस्मृति का अपमान करने के लिए राहुल गांधी हिंदू धर्म से बहिष्कृत: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद
ऑडियो सुनें

हरिद्वार/नागपुर. ज्योतिर्मठ बदरीनाथ धाम के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने मंगलवार को कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को मनुस्मृति का अपमान करने के लिए हिंदू धर्म से बहिष्कृत कर दिया गया है. यहां कनखल स्थित शंकराचार्य मठ में इस बात की घोषणा करते हुए शंकराचार्य ने कहा कि गांधी ने लोकसभा में किसी प्रसंग में सनातन धर्म के आधार मनुस्मृति का अपमान किया था.

शंकराचार्य ने कहा कि मठ से गांधी को इस संबंध में एक नोटिस भी दिया गया था लेकिन उन्होंने न तो इसके लिए क्षमा मांगी और न ही नोटिस का कोई जवाब दिया. उन्होंने कहा, ”’इसीलिए मठ ने मनुस्मृति का अपमान करने पर राहुल गांधी को विधिवत रूप से हिंदू धर्म से बहिष्कृत कर दिया है.”

भगवान राम को पौराणिक बताकर हिंदुओं का अपमान करने के लिए राहुल गांधी माफी मांगे: विहिप

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भगवान राम को ”पौराणिक पात्र” बताकर हिंदू समुदाय का अपमान करने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें माफी मांगनी चाहिए. विहिप महासचिव (संगठन) मिलिंद परांडे ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हिंदू समुदाय को गांधी जैसे नेताओं को सत्ता में नहीं आने देना चाहिए.

पिछले महीने अमेरिका के एक विश्वविद्यालय में परिचर्चा के दौरान गांधी ने हिंदू की परिभाषा को लेकर भाजपा के विचार को खारिज किया था और कहा था कि भारत के सभी महान समाज सुधारकों और राजनीतिक विचारकों – ज्योतिराव फुले, बीआर आंबेडकर, महात्मा गांधी और यहां तक ??कि गुरु नानक, बसवा और बुद्ध ने भी यही बात कही थी कि सबको, सत्य और अहिंसा को अपने साथ लेकर चलो.

कांग्रेस नेता ने कहा था, ”मेरे लिए यह भारतीय परंपरा और इतिहास का आधार है. मैं भारत में किसी ऐसे व्यक्ति को नहीं जानता जिसे हम महान मानते हों और जो इस प्रकार का न हो. मैं एक भी व्यक्ति के बारे में नहीं सोच सकता. सभी पौराणिक पात्र हैं. भगवान राम उस समय के थे, जब वह क्षमाशील थे, वह दयालु थे.” परांडे ने कहा, ”अमेरिका स्थित ब्राउन यूनिर्विसटी में अपने साक्षात्कार के दौरान गांधी ने भारतीय इतिहास के कई विषयों को पौराणिक कथा बताया और यहां तक ??कि भगवान राम को भी पौराणिक पात्र बताया. ऐसा करके उन्होंने विदेशी धरती पर हिंदू समुदाय और हिंदू आस्था का अपमान किया है.”

उन्होंने कहा, ”यह आश्चर्य की बात नहीं है, क्योंकि 2007 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने रामसेतु मामले में उच्चतम न्यायालय में हलफनामा दायर कर कहा था कि भगवान राम एक पौराणिक पात्र हैं. इसलिए मुझे लगता है कि कांग्रेस और उसके नेता लगातार हिंदू समुदाय का अपमान कर रहे हैं. विहिप इसकी निंदा करती है और मांग करती है कि राहुल गांधी अपने बयान के लिए माफी मांगें.” परांडे ने कहा कि गांधी को यह नहीं पता कि जो कोई भगवान राम का विरोध करता है, उसका विनाश हो जाता है.

उन्होंने कहा, ”और यही होगा. मुझे लगता है कि हिंदू समुदाय को ऐसे लोगों को सत्ता में नहीं आने देना चाहिए…जिनका एकमात्र उद्देश्य सत्ता है. राहुल गांधी लगातार हिंदू विरोधी बयान देते रहते हैं. इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि हिंदुओं के हितों की परवाह करने वाले लोग केंद्र और राज्य सरकारों में बैठें.” पहलगाम आतंकी हमले के बारे में उन्होंने कहा कि जिहादी हिंसा हर जगह बढ़ रही है.

वक्फ बोर्ड को तुरंत भंग करे केंद्र सरकार-शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद

धार्मिक मामलों में राजनीतिक दलों और सरकार के हस्तक्षेप को तुरंत बंद किए जाने की वकालत करते हुए ज्योतिर्पीठ बदरीनाथ के शंकराचार्य स्वामी अविभमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने मंगलवार को केंद्र से वक्फ बोर्ड को तुरंत भंग करने की मांग की. शंकराचार्य ने यहां कनखल स्थित अपने मठ में यह भी कहा कि पाकिस्तान से उसके कब्जे वाले कश्मीर को मुक्त कराने का यह सही समय है.

उन्होंने कहा कि धार्मिक मामलों में राजनीतिक दलों और सरकार का हस्तक्षेप तुरंत बंद होना चाहिए और वक्फ बोर्ड कानून में संशोधन करने की जगह उसे भंग किया जाना चाहिए. शंकराचार्य ने कहा कि धर्म आधारित बोर्ड संविधान सम्मत नहीं है. उन्होंने वक्फ बोर्ड की तरह सनातन धर्म बोर्ड बनाने की मांग का भी विरोध किया.

पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा पर्यटकों की हत्या की निंदा करते हुए सरस्वती ने कहा कि केंद्र को तत्काल पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करके उसके कब्जे वाले कश्मीर को मुक्त करना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘ पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को मुक्त करने का यह सबसे अच्छा समय है.’ शंकराचार्य ने कांग्रेस और भाजपा दोनों पर हमला करते हुए कहा कि दोनों पार्टियां आपस में मिली हुई हैं.
उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना की कांग्रेस की मांग का पहले भाजपा ने विरोध किया और अब उसकी केंद्र की सरकार ने जातिगत जनगणना कराने का ऐलान कर दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu