‘ऑपरेशन सिन्दूर’ के बाद अधिकारियों ने करतारपुर गलियारा बंद किया, श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति नहीं

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 07 May 2025 01:27 PM
‘ऑपरेशन सिन्दूर’ के बाद अधिकारियों ने करतारपुर गलियारा बंद किया, श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति नहीं
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़: पंजाब के गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक में करतारपुर गलियारा एक दिन के लिए बंद कर दिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

यह घटनाक्रम बुधवार तड़के भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए जाने के बाद हुआ है। इन आतंकी ठिकानों में बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का अड्डा भी शामिल है।

करतारपुर गलियारा पाकिस्तान में दरबार साहिब गुरुद्वारे को गुरदासपुर जिले में डेरा बाबा नानक मंदिर से जोड़ता है, जहां सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव ने अपना अंतिम समय बिताया था। अधिकारी ने कहा कि करतारपुर गलियारा को एक दिन के लिए निलंबित कर दिया गया है और श्रद्धालुओं को बुधवार को दरबार साहिब गुरुद्वारा जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

कई श्रद्धालु बुधवार की सुबह पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारे में मत्था टेकने के लिए करतारपुर गलियारा पहुंचे, लेकिन उन्हें वापस जाने को कहा गया। करतारपुर गलियारा नौ नवंबर, 2019 को गुरु नानक देव की 550वीं जयंती पर खोला गया था। सभी धर्मों के भारतीय श्रद्धालुओं को साल भर गुरु नानक देव के अंतिम विश्राम स्थल करतारपुर में ऐतिहासिक गुरुद्वारे की वीजा-मुक्त यात्रा करने की अनुमति है।

भारत और पाकिस्तान के बीच हुए समझौते के अनुसार, प्रतिदिन 5,000 तीर्थयात्री ऐतिहासिक गुरुद्वारे में मत्था टेकने के लिए पड़ोसी देश जा सकते हैं। कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के दो सप्ताह बाद मंगलवार देर रात को ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर सैन्य हमले किए गए। पहलगाम आतंकवादी हमले में 26 लोग मारे गए, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital