रौड्रिग्स का शतक, भारतीय महिला टीम 23 रन से जीतकर फाइनल में, श्रीलंका से होगा सामना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 07 May 2025 08:05 PM
रौड्रिग्स का शतक, भारतीय महिला टीम 23 रन से जीतकर फाइनल में, श्रीलंका से होगा सामना
ऑडियो सुनें

कोलंबो. जेमिमा रौड्रिग्स की कैरियर की सर्वश्रेष्ठ 123 रन की पारी तथा सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना (51 रन) और दीप्ति शर्मा (93 रन) के अर्धशतकों की बदौलत भारत ने बुधवार को यहां दक्षिण अफ्रीका को 23 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जिसमें उसका सामना श्रीलंका से होगा.

चौबीस वर्ष की रौड्रिग्स की 15 चौकों और एक छक्के जड़ित 101 गेंद की पारी से भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 337 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. फिर अपनी तेज गेंदबाज अमनजोत कौर (59 रन देकर तीन विकेट) और ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा (57 रन देकर दो विकेट) की मदद से दक्षिण अफ्रीका को सात विकेट पर 314 रन ही बनाने दिए. दक्षिण अफ्रीका के लिए एनेरी डर्कसेन की 81 रन और कप्तान क्लो ट्रायोन की 67 रन की पारी भी काम नहीं आ सकी.

भारत ने रॉउड रॉबिन चरण का अंत चार मैच में छह अंक के साथ समाप्त किया. श्रीलंका के तीन मैच में चार अंक हैं और शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका को हराकर वह दो अंक और हासिल कर सकता है. दक्षिण अफ्रीका लगातार तीन मैच गंवाकर फाइनल की दौड़ से बाहर हो गया जबकि उसे अभी श्रीलंका के खिलाफ एक मैच खेलना है. इससे पहले रौड्रिग्स ने मंधाना के साथ पहले विकेट के लिये 99 गेंद में 88 रन की साझेदारी की . इसके बाद दीप्ति के साथ 115 गेंद में 122 रन जोड़े .

दक्षिण अफ्रीका के लिये तेज गेंदबाज मसाबाता क्लास , एन डि क्लेर्क और स्पिनर नोंकुलुलेको एमब्लाबा ने दो दो विकेट लिये .
पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर भारत की सलामी बल्लेबाज प्रतीका रावल (एक) जल्दी आउट हो गई . उन्हें डि क्लेर्क ने पवेलियन भेजा .

हरलीन दयोल भी टिक नहीं सकी और उनके आउट होने पर भारत का स्कोर दो विकेट पर 18 रन था . कप्तान हरमनप्रीत कौर 28 रन बनाकर एनेरी डर्कसेन की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठी . इसके बाद मंधाना और रौड्रिग्स ने पारी को संभाला . मंधाना ने शोल ट्रायोन की गेंद पर डीप मिडविकेट में खराब पूल शॉट खेलकर अपना विकेट गंवाया . रौड्रिग्स को 43वें ओवर में क्लास ने पवेलियन भेजा. दक्षिण अफ्रीका की नियमित कप्तान लौरा वोल्वार्ट बीमार होने के कारण टीम से बाहर है जिनकी जगह ट्रायोन कप्तानी कर रही हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu