सेंसेक्स और निफ्टी में बढ़त के साथ शुरुआत, डॉलर के मुकाबले रुपये में भी मजबूती…

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 08 May 2025 12:35 PM
सेंसेक्स और निफ्टी में बढ़त के साथ शुरुआत, डॉलर के मुकाबले रुपये में भी मजबूती…
ऑडियो सुनें

मुंबई: बृहस्पतिवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ खुले। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 181.21 अंक चढ़कर 80,927.99 पर पहुंचा, जबकि निफ्टी 32.85 अंक चढ़कर 24,447.25 पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में रुपया भी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 16 पैसे बढ़कर 84.61 पर पहुंच गया। इससे पहले भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद बुधवार को पाकिस्तान के करांची शेयर बाजार में भारी गिरावट रही और यह दिन में 6,000 अंकों से ज्यादा टूट गया था।

स्टॉक एक्सचेंज अंतरराष्ट्रीय यूजर्स के लिए बंद

शेयर बाजार से जुड़े एक अन्य अहम घटनाक्रम में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी एनएसई ने अंतरराष्ट्रीय यूजर्स के लिए वेबसाइटों को ब्लॉक करने का फैसला लिया। बीएसई प्रवक्ता ने कहा, संभावित साइबर खतरों को देखते हुए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जोखिमों की निरंतर निगरानी की जा रही है। एहतियात के तौर पर वेबसाइट ब्लॉक किए गए हैं।

एक दिन पहले भी हरे निशान में रहा भारत का शेयर बाजार

इससे पहले बुधवार को भारत की ओर से पाकिस्तान पर हमले के बावजूद भारतीय शेयर बाजार तेजी में बंद हुए। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) सेंसेक्स 105.71 अंकों की तेजी के साथ 80,746.78 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 34.80 अंक बढ़कर 24,414.40 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में तेजी से सूचीबद्ध कंपनियों की पूंजी 2.2 लाख करोड़ बढ़कर 423.50 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई।

सेंसेक्स की 30 में से 18 कंपनियों के शेयर बढ़कर बंद हुए, जबकि 12 गिरावट में रहे। बढ़ने वाले प्रमुख शेयरों में टाटा मोटर्स, बजाज फाइनेंस, इटरनल, महिंद्रा एंड महिंद्रा और अदाणी पोर्ट्स रहे। गिरने वालों में एशियन पेंट्स, सन फार्मा, आईटीसी, नेस्ले और रिलायंस इंडस्ट्रीज रहे। बीएसई के कुल 4,046 शेयरों में कारोबार। 2,206 शेयरों में तेजी और 1,683 में गिरावट रही। निफ्टी के 50 शेयरों में से 24 तेजी में और 26 गिरावट में रहे।

रुपया 45 पैसा टूटकर 84.80 पर

भारत-पाक के बीच तनावों से डॉलर की तुलना में रुपया 45 पैसा टूटकर 84.80 पर चला गया। विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा, भारतीय सेना द्वारा आतंकवादी शिविरों पर हमला किए जाने के बाद रुपये में गिरावट आई, जिससे घरेलू मुद्रा पर दबाव पड़ा। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 84.65 पर खुला और दिन के कारोबार में 84.47 के उच्च और 84.93 के निचले स्तर के बीच रहा।

सोना 1,000 रुपये महंगा होकर फिर एक लाख के पार
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के कारण सुरक्षित निवेश के लिए खरीदारी बढ़ने से बुधवार को दिल्ली सराफा बाजार में सोने की कीमत 1,000 रुपये बढ़कर फिर एक लाख रुपये प्रति दस ग्राम के पार 1,00,750 पर पहुंच गई।

इससे पहले पीली धातु ने 22 अप्रैल को 1,800 रुपये की बढ़त के साथ 1,01,600 रुपये प्रति 10 ग्राम का सार्वकालिक उच्च स्तर छुआ था। उधर, चांदी का भी भाव 440 रुपये बढ़कर 98,940 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोना 62.12 डॉलर गिरकर 3,369.65 डॉलर प्रति औंस और चांदी 32.81 डॉलर प्रति औंस पर रही।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital