नयी दिल्ली/रामपुर/पणजी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि संसद पर हुए हमले सहित देश में कई आतंकवादी हमलों में वांछित जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) का आतंकवादी अब्दुल रऊफ अजहर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय हमलों में मारा गया. अब्दुल जैश-ए-मोहम्मद के संस्थापक मौलाना मसूद अजहर का भाई था और उसकी अनुपस्थिति में प्रतिबंधित संगठन का कथित तौर पर नेतृत्व कर रहा था.
भाजपा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ” मोस्ट वांटेड” पाकिस्तानी आतंकवादी अब्दुल रऊफ अजहर भारतीय हमलों में मारा गया. पार्टी ने कहा कि वह मसूद के परिवार के उन सदस्यों में शामिल है जो इस हमले में मारे गए हैं. साल 2001 में संसद पर आतंकी हमले के अलावा वह कंधार विमान अपहरण और पठानकोट आतंकी हमले में भी शामिल था.
जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मौलाना मसूद अजहर ने बुधवार को स्वीकार किया कि बहावलपुर में संगठन के मुख्यालय पर भारत के मिसाइल हमले में उसके परिवार के 10 सदस्य और चार करीबी सहयोगी मारे गए. भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार देर रातद’ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाक के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए. यह हमले में 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा 26 लोगों की हत्या किए जाने की प्रतिक्रिया में किए गए.
आतंकवाद का क्षेत्र आतंकवादियों की कब्रगाह में बदल गया : नकवी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों के ठिकानों पर भारतीय सेना के हमलों की सराहना करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि देश के बहादुर सशस्त्र बलों ने आतंकवाद के क्षेत्र को आतंकवादियों की कब्रगाह में तब्दील कर दिया है.
नकवी ने यहां संवाददाताओं से कहा, “पाकिस्तानी नेताओं को यह समझना चाहिए कि अगर उन्होंने भारत को छूने की हिम्मत की तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उन्हें नहीं छोड़ेंगे. भारत को धमकी देने वाले हर व्यक्ति को मिट्टी में मिला दिया जाएगा.” नकवी ने कहा, “पहलगाम में हमारी बहनों के पतियों की हत्या करके क्रूरता करने वाले अपराधियों का सफाया हो गया है.”
उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा की गई कार्रवाई के कारण इन आतंकवादियों के संरक्षक और प्रायोजक बेहद भयभीत हैं तथा पाकिस्तानी नेताओं ने आतंकवाद को पाकिस्तान का ‘राष्ट्रीय उद्योग’ बनाकर अपनी कब्र खुद खोद ली है इसलिए उन्हें यह समझना चाहिए कि अगर उन्होंने भारत को छूने की हिम्मत की, तो प्रधानमंत्री मोदी उन्हें नहीं छोड़ेंगे. पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आतंकवाद के लिए सुरक्षा कवच के रूप में इस्लाम का दुरुपयोग करने वाले लोग इस्लाम और ‘इंसानियत’ दोनों के दुश्मन हैं.
‘ऑपरेशन सिंदूर’ का लक्ष्य कोई धर्म या देश नहीं बल्कि आतंकवाद था: प्रमोद सावंत
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बृहस्पतिवार को कहा कि ‘आपरेशन सिंदूर’ किसी देश या धर्म के खिलाफ नहीं था, बल्कि इसका लक्ष्य आतंकवाद था. सावंत ने कहा कि इस ऑपरेशन के जरिये भारत ने दिखा दिया है कि उसके पास आतंकवाद को खत्म करने की ताकत और इरादा है.
भारतीय सशस्त्र बलों ने बुधवार तड़के पाकिस्तान और इसके कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ बहावलपुर और लश्कर-ए-तैयबा का अड्डा मुरीदके शामिल हैं. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमलों में 26 नागरिकों की मौत के दो हफ्ते बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत सैन्य हमले किए गए.
सावंत ने संवाददाताओं से कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारे सशस्त्र बलों द्वारा चलाया गया ‘ऑपरेशन सिंदूर’ किसी देश या धर्म के खिलाफ नहीं था.” उन्होंने कहा, ”पहलगाम में हमारी बहनों के सिंदूर को मिटाने का दुस्साहस करने वाले आतंकवादी हमारे निशाने पर थे. लक्ष्य आतंकवाद था. हमने पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा किए गए जघन्य कृत्य का बदला लिया.”