धर्मशाला की बजाय अब 11 मई को अहमदाबाद में होगा आईपीएल मैच

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 08 May 2025 07:51 PM
धर्मशाला की बजाय अब 11 मई को अहमदाबाद में होगा आईपीएल मैच
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर सैन्य कार्रवाई के कारण धर्मशाला हवाई अड्डा बंद होने की वजह से पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच 11 मई को वहां होने वाला आईपीएल मैच अब अहमदाबाद में कराया जायेगा. बीसीसीआई ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा ,”पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच टाटा आईपीएल का 61वां मैच अब 11 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा . यह मैच धर्मशाला में होना था .”

बयान में कहा गया ,” लॉजिस्टिक से जुड़ी चुनौतियों के कारण स्थान बदलना पड़ा . मैच दोपहर 3 . 30 से खेला जायेगा .” गुजरात क्रिकेट संघ के सचिव अनिल पटेल ने इससे पहले पीटीआई से कहा था ,” बीसीसीआई ने हमने अनुरोध किया था जो हमने स्वीकार कर लिया . मुंबई की टीम आज शाम यहां पहुंच रही है और पंजाब की यात्रा के कार्यक्रम के बारे में बाद में पता चलेगा .” पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स का मैच धर्मशाला में बृहस्पतिवार को होना है .

पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों पर भारत के मिसाइल हमलों के बाद धर्मशाला हवाई अड्डे को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया है .
यह देखना होगा कि पंजाब और दिल्ली की टीमें अब धर्मशाला से बाहर कैसे आती हैं क्योंकि उड़ानें रद्द कर दी गई है . चंडीगढ हवाई अड्डा भी बंद होने से टीमों को दिल्ली पहुंचने का दूसरा रास्ता निकालना होगा.

दिल्ली कैपिटल्स को भी 11 मई को दिल्ली में गुजरात टाइटंस से खेलना है. पंजाब किंग्स के एक अधिकारी ने कहा कि बीसीसीआई ने अभी तक मैदान बदलने को लेकर उसे सूचित नहीं किया है. उन्होंने कहा ,” अभी हमें कोई सूचना नहीं मिली है . तस्वीर स्पष्ट होने के बाद यात्रा का कार्यक्रम तय किया जा सकता है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu