सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन में पोस्ट करने का आरोपी युवक गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 08 May 2025 09:47 PM
सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन में पोस्ट करने का आरोपी युवक गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

मेरठ. मेरठ जिले में पुलिस ने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन में पोस्ट करने के आरोपी एक युवक को गिरफ्तार किया है. एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. सिविल लाइंस के पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा की नगर इकाई के महासचिव विनोद जाटव की शिकायत पर जैद (28) नामक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया.

शिकायत के मुताबिक आरोपी ने अपने इंस्टाग्राम खाते पर एक पोस्ट में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ और ‘पाकिस्तान सही है’ जैसे नारे लिखे थे. पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि जैद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 (भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाला कृत्य) सहित सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. तिवारी ने बताया कि हाल के घटनाक्रमों के मद्देनजर पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही है. उन्होंने लोगों से जिम्मेदारी से सामग्री साझा करने और ऐसी किसी भी हरकत से बचने का आग्रह किया जिससे गलत सूचना फैल सकती है या सांप्रदायिक वैमनस्य पैदा हो सकता है.

युवक ने व्हाट्सएप डीपी पर पाकिस्तानी झंडा लगाया, गिरफ्तार

जिले के भावनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रुकनपुर गांव में एक युवक को अपने व्हाट्सएप की ‘डिस्प्ले पिक्चर’ (डीपी) पर पाकिस्तान का झंडा लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान दिलशाद (20) के तौर पर हुई है और वह ग्राम रुकनपुर का रहने वाला है. उसे बुधवार को उस समय हिरासत में लिया गया जब पुलिस ‘मॉक ड्रिल’ के सिलसिले में गांव में मौजूद थी और स्थानीय लोगों ने उसकी व्हाट्सएप डीपी के बारे में उन्हें सूचना दी.

थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि जांच में यह पाया गया कि उसकी व्हाट्सएप डीपी पर एक महिला की तस्वीर लगी थी, जिसमें वह पाकिस्तान का झंडा पकड़े हुए दिखाई दे रही थी जिससे गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. उन्होंने बताया कि युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu