एथलीट की हत्या के मामले में हिप्र उच्च न्यायालय की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की बेटी गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 15 Jun 2022 06:33 PM
एथलीट की हत्या के मामले में हिप्र उच्च न्यायालय की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की बेटी गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. सीबीआई ने छह साल पहले चंडीगढ़ में हुई राष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज सुखमनप्रीत सिंह उर्फ सिप्पी सिद्धू की हत्या के मामले में बुधवार को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की बेटी कल्याणी सिंह को गिरफ्तार कर लिया.

अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को कुछ दस्तावेजी सबूत मिले जो बताते हैं कि कल्याणी सिंह और सिद्धू करीबी थे तथा उनके प्रेम संबंधों में खटास आ गई थी.

सूत्रों ने कहा कि केंद्रीय एजेंसी ने कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सबीना सिंह की बेटी कल्याणी सिंह को पूछताछ के लिए बुलाया था, जहां वह सवालों से बचती नजर आई जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. सीबीआई ने एक बयान में कहा कि केंद्रीय एजेंसी ने 13 अप्रैल 2016 को चंडीगढ़ प्रशासन के अनुरोध पर सिद्धू की हत्या में प्राथमिकी दर्ज की थी जो एक वकील भी थे.

बयान में कहा गया, ‘‘आगे की जांच के दौरान, मामले में आरोपी (कल्याणी सिंह) की कथित संलिप्तता सामने आई. तदनुसार, उससे पूछताछ की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.’’ सीबीआई के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘गिरफ्तार आरोपी को आज (बुधवार) विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट, चंडीगढ़ की अदालत में पेश किया गया जहां से उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.’’

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu