निकी हेली ने भारत के जवाबी कार्रवाई के अधिकार का समर्थन किया, आतंकवाद पर पाकिस्तान की आलोचना की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 08 May 2025 10:55 PM
निकी हेली ने भारत के जवाबी कार्रवाई के अधिकार का समर्थन किया, आतंकवाद पर पाकिस्तान की आलोचना की
ऑडियो सुनें

न्यूयॉर्क/इस्लामाबाद. भारतीय-अमेरिकी रिपब्लिकन नेता निकी हेली ने बृहस्पतिवार को कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत को जवाबी कार्रवाई करने और अपनी रक्षा करने का पूरा अधिकार है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को “पीड़ित” की भूमिका निभाने का अधिकार नहीं है.

भारत ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था जिसमें 26 नागरिक मारे गए थे. इस ऑपरेशन के तहत भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी शिविरों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया.

हेली ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आतंकवादियों ने एक हमला किया जिसमें दर्जनों भारतीय नागरिक मारे गए. भारत को जवाबी कार्रवाई करने और अपनी रक्षा करने का पूरा अधिकार है. पाकिस्तान को पीड़ित की भूमिका निभाने का अधिकार नहीं है. किसी भी देश को आतंकवादी गतिविधियों का समर्थन करने की छूट नहीं है.” हेली दक्षिण कैरोलिना की पूर्व गवर्नर हैं और डोनाल्ड ट्रंप के पहले राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत के रूप में कार्यरत थीं. वह अमेरिकी प्रशासन में कैबिनेट स्तर के पद पर नियुक्त होने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी थीं.

अमेरिका स्थिति पर करीबी नजर रख रहा, भारत-पाकिस्तान तनाव कम करें : रूबियो

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने बृहस्पतिवार को कहा कि वाशिंगटन दक्षिण एशिया की स्थिति पर करीबी नजर रख रहा है और उन्होंने भारत और पाकिस्तान से तनाव कम करने का आग्रह किया. ‘रेडियो पाकिस्तान’ की खबर के मुताबिक, रुबियो ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को फोन किया और दक्षिण एशिया क्षेत्र में उभरते हालात पर चर्चा की.

खबर के अनुसार, रुबियो ने कहा कि अमेरिका दक्षिण एशिया की स्थिति पर करीबी नजर रख रहा है, क्योंकि वह इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है. खबर में कहा गया है, “रूबियो ने इस बात पर भी जोर दिया कि पाकिस्तान और भारत दोनों को तनाव कम करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए.” इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री शरीफ ने हर कीमत पर अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करने के पाकिस्तान के संकल्प की पुष्टि की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu