उत्तराखंड में सभी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश, डॉक्टरों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Fri, 09 May 2025 12:53 PM
उत्तराखंड में सभी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश, डॉक्टरों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द
ऑडियो सुनें

पाकिस्तान के साथ चल रहे तनाव के बीच उत्तराखंड सरकार ने राज्य के सभी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। अस्पतालों में डॉक्टरों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देशों के बाद उत्तराखंड के स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर राज्य को सभी अस्पतालों में 12000 बेड चिह्नित करने और सभी आईसीयू व वेंटिलेटर तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।

पाकिस्तान के खिलाफ भारत के चल रहे ऑपरेशन सिंदूर को देखते हुए उत्तराखंड से सटी नेपाल और चीन सीमाएं भी अलर्ट पर हैं। आधी रात के बाद दून के आसमान में भारतीय सेना के विमान उड़ान भरते रहे। भारतीय वायुसेना के विमानों की तेज आवाज सुनकर लोग देर रात आसमान देखने को उत्सुक हो गए। बीती रात एक बजे से तीन बजे तक दून के आसमान में भारतीय वायुसेना के विमान उड़ान भरते रहे। विमानों की तेज आवाज से लोगों में कौतूहल पैदा हो गया।

भारतीय सेना ने गुरुवार रात नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर बड़े पैमाने पर काउंटर-ड्रोन ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तानी ड्रोन मार गिराये। यह ऑपरेशन तब शुरू किया गया जब पाकिस्तान ने विभिन्न स्थानों पर भारतीय क्षेत्र में कई झुंड ड्रोन भेजने की असफल कोशिश की। भारतीय सेना की वायु रक्षा इकाइयों ने त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए उधमपुर, सांबा, जम्मू, अखनूर, नगरोटा और पठानकोट सहित क्षेत्रों में ड्रोनों को निशाना बनाया।

पाकिस्तानी सेना द्वारा किए गए ड्रोन हमलों और संघर्ष विराम उल्लंघनों को भारतीय सशस्त्र बलों ने सटीकता और मजबूती के साथ खदेड़ दिया। सेना ने ड्रोन को नष्ट करने के लिए कई हवाई रक्षा प्रणालियों और हथियारों का इस्तेमाल किया। (इनपुट-एएनआई)

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news