पाकिस्तान को जवाब देने के बाद राजस्थान के सरहदी इलाकों में तनाव

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Fri, 09 May 2025 12:55 PM
पाकिस्तान को जवाब देने के बाद राजस्थान के सरहदी इलाकों में तनाव
ऑडियो सुनें

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत द्वारा की गई एयर स्ट्राइक (ऑपरेशन सिंदूर) के बाद पाकिस्तान ने एक बार फिर राजस्थान के सरहदी इलाकों को निशाना बनाने की कोशिश की। सात और आठ मई की रात पाकिस्तान ने राजस्थान के नाल (बीकानेर), फलोदी और उत्तरलाई (बाड़मेर) स्थित तीन प्रमुख एयरबेस सहित कुल पांच सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन अटैक किए।

जैसलमेर और पोकरण में भी पाकिस्तान ने किया स्वार्म अटैक

हालांकि, भारतीय सेना ने पहले से ही एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर रखा था, जिससे सभी मिसाइलें और ड्रोन हवा में ही नष्ट कर दिए गए। गुरुवार रात पाकिस्तान ने जैसलमेर और पोकरण में भी ड्रोन (स्वार्म अटैक) से हमला किया, जिसे सेना ने सतर्कता से विफल कर दिया।

रातभर रहा ब्लैकआउट

रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह हमला भारतीय वायु क्षेत्र में गंभीर उल्लंघन था, लेकिन सेना ने तत्परता दिखाते हुए खतरे को टाल दिया। हालात को देखते हुए जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर और पाली में रातभर ब्लैकआउट रहा।

बाड़मेर और जैसलमेर में कई ट्रेन सेवाएं रद्द

इनमें जैसलमेर में रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक ब्लैकआउट किया गया। जोधपुर, बीकानेर, जैसलमेर और किशनगढ़ एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। बाड़मेर और जैसलमेर में कई ट्रेन सेवाएं रद्द या आंशिक रूप से रद्द की गई हैं। सरकार ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जोधपुर, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर और श्रीगंगानगर के स्कूल-कॉलेज और कोचिंग संस्थानों को आगामी आदेश तक बंद कर दिया है।

पश्चिमी सीमा से सटे गांवों को सुरक्षा कारणों से कराया खाली 

बीकानेर, श्रीगंगानगर और कोटा में ड्रोन उड़ाने और आतिशबाजी पर रोक लगा दी गई है। पश्चिमी सीमा से सटे 20 किलोमीटर तक के गांवों को सुरक्षा कारणों से खाली कराया गया है। खाजूवाला और बज्जू में आरएसी की दो कंपनियां तैनात की गई हैं और नए बंकरों का निर्माण किया गया है। सरकार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नौ आरएएस अधिकारियों की नियुक्ति की है और फायरमैन के सभी खाली पदों पर पोस्टिंग कर दी गई है।

इनमें महेश चंद्र मान को एसडीएम भणियाणा (जैसलमेर), प्रभजोत सिंह गिल एसडीएम मूंडवा, लाखाराम एसडीएम पोकरण, संदीप चौधरी एसडीएम बज्जू (बीकानेर), कुणाल राहड़ एसडीएम बीकानेर उत्तर, भरतराज गुर्जर एसडीएम फतेहगढ़, कविता गोदारा सहायक कलेक्टर सीकर, रामलाल मीणा एसडीएम गडरा रोड (बाड़मेर) शामिल है।

राजस्थान के बॉर्डर जिलों में फायरमैन के सभी रिक्त पद तत्काल भरे गए 

राजस्थान के बॉर्डर जिलों में फायरमैन के सभी रिक्त पद तत्काल भरे गए हैं। देर रात स्वायत्त शासन विभाग ने आदेश जारी कर रिक्त पदों पर पोस्टिंग की। इनमें नगर परिषद आयुक्त, अधिशाषी अधिकारी, राजस्व अधिकारी, अग्निशमन अधिकारी और फायरमैन शामिल है। इन सभी को जल्द से जल्द जॉइनिंग के आदेश दिए हैं।

बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर जिलों के लिए पांच-पांच करोड़ रुपये तुरंत जारी किए गए

बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर जिलों के लिए पांच-पांच करोड़ रुपये तुरंत जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने देररात सीएमओ में उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें प्रमुख अधिकारी शामिल हुए। उत्तर-पश्चिम रेलवे के अनुसार  जैसलमेर में जयपुर-जैसलमेर और जैसलमेर-जयपुर रेलसेवा आंशिक रूप से रद्द की गई है।

सरहदी जिलों में हाई अलर्ट जारी, सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द 

बाड़मेर में चार ट्रेनों को नौ मई को रद्द किया गया है। इनमें भगत की कोठी-बाड़मेर, बाड़मेर-भगत की कोठी, मुनाबाव-बाड़मेर, बाड़मेर-मुनाबाव शामिल है। सरहदी जिलों में हाई अलर्ट जारी है और सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news