बलरामपुर में रेत माफिया ने आरक्षक को ट्रैक्टर से कुचला, मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 12 May 2025 07:23 PM
बलरामपुर में रेत माफिया ने आरक्षक को ट्रैक्टर से कुचला, मौत
ऑडियो सुनें

बलरामपुर. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अवैध रेत खनन की शिकायत पर कार्रवाई के लिए पहुंचे आरक्षक को रेत माफिया ने कथित तौर पर ट्रैक्टर से कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के बाद कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है.

पुलिस अधिकारियों ने बताया जिले के सनावल थाना क्षेत्र के अंतर्गत झारखंड की सीमा से लगे लिब्रा गांव में अवैध रेत खनन की शिकायत पर कार्रवाई करने गए आरक्षक शिव भजन सिंह को रेत माफिया ने कथित तौर पर ट्रैक्टर से कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. उन्होंने बताया कि सनावल थाना क्षेत्र में अतिक्रमण की सूचना पर पुलिस दल को रवाना किया गया था और जब दल क्षेत्र में था तब पुलिस को सूचना मिली कि लिब्रा गांव से होकर बहने वाली कनहर नदी में कुछ लोग रेत का अवैध खनन कर रहे हैं.

अधिकारियों के मुताबिक, इस पर जब पुलिस दल वहां पहुंचा और उन्हें रोकने का प्रयास किया तो रेत माफियाओं ने आरक्षक शिव भजन को कथित तौर पर ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की. उन्होंने बताया कि इस घटना में शिव भजन गंभीर रूप से घायल हो गया.
अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद पुलिस दल ने घायल शिव भजन को अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

सरगुजा क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) दीपक कुमार झा ने बताया कि मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में सनावल थाने के प्रभारी दिव्यकांत पांडेय को निलंबित कर दिया गया है और ट्रैक्टर चालक व मालिक की पहचान की जा रही है. उन्होंने बताया कि घटनास्थल छत्तीसगढ़ और झारखंड की सीमा से लगा हुआ है तथा जानकारी ली जा रही है कि आरोपी झारखंड से थे या छत्तीसगढ़ से.
झा के मुताबिक, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu