मप्र के झाबुआ में बस पलटी, तीन की मौत, 15 से अधिक घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 12 May 2025 09:44 PM
मप्र के झाबुआ में बस पलटी, तीन की मौत, 15 से अधिक घायल
ऑडियो सुनें

झाबुआ. मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के एक गांव में इंदौर से राजकोट जा रही एक निजी बस के पलट जाने से गुजरात के एक दंपति और बिहार के एक लड़के की मौत हो गई जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि घायलों को पेटलावद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर पत्थरपाड़ा गांव के निकट हुई. पुलिस अधीक्षक (एसपी) पद्म विलोचन शुक्ला ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि चालक स्लीपर कोच बस पर से नियंत्रण खो बैठा था, जिसके बाद बस पत्थरपाड़ा और सारंगी के बीच पलट गई.

उन्होंने बताया, “बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे. मृतकों की पहचान अहमदाबाद निवासी मोहम्मद आरिफ (45), उनकी पत्नी फरजाना (42) और बिहार के सीवान जिले के वीरेंद्र यादव के बेटे अमन (10) के रूप में हुई है.” हादसे की सूचना मिलते ही पेटलावद के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कमलेश शर्मा व थाना प्रभारी दिनेश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान को शुरू कराया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu