पाकिस्तान और भारत के DGMO ने संघर्षविराम पर चर्चा के लिए हॉटलाइन पर बात की: विदेश मंत्री डार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 15 May 2025 10:09 PM
पाकिस्तान और भारत के DGMO ने संघर्षविराम पर चर्चा के लिए हॉटलाइन पर बात की: विदेश मंत्री डार
ऑडियो सुनें

इस्लामाबाद. पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक डार ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि पाकिस्तान और भारत के सैन्य अभियान महानिदेशकों (डीजीएमओ) ने संघर्षविराम पर चर्चा के लिए हॉटलाइन पर बात की. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के डीजीएमओ के बीच अब 18 मई को बातचीत होगी. भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिन तक सीमा पार से ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद सैन्य संघर्ष रोकने के लिए 10 मई को सहमति बनी थी.

डार ने संसद को बताया कि पाकिस्तान के डीजीएमओ मेजर जनरल काशिफ अब्दुल्ला और उनके भारतीय समकक्ष लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने बुधवार दोपहर हॉटलाइन पर बात की. डार के इस दावे पर भारतीय पक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है. भारतीय सेना के एक अधिकारी ने नयी दिल्ली में कहा, ”दोनों देशों के डीजीएमओ के बीच 10 मई 2025 को हुई सहमति के अनुसार सतर्कता के स्तर को कम करने के लिए विश्वास बहाली के उपायों को जारी रखने का निर्णय लिया गया है.” अपने संबोधन में डार ने कहा कि दोनों डीजीएमओ 18 मई को फिर बातचीत करेंगे.

वार्ता का कोई विवरण साझा नहीं किया गया, सिवाय इसके कि दोनों पक्ष संघर्षविराम का सम्मान करने पर सहमत हुए. ‘जियो न्यूज’ की खबर के मुताबिक, डार ने कहा, ”डीजीएमओ की बातचीत (10 मई को) के दौरान संघर्षविराम को 12 मई तक बढ़ा दिया गया था. जब डीजीएमओ ने 12 मई को फिर से बात की, तो संघर्षविराम को 14 मई तक बढ़ा दिया गया और 14 मई की बातचीत के बाद संघर्षविराम को 18 मई तक बढ़ा दिया गया है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu