संक्षिप्त निलंबन के बाद दिल्ली में आईपीएल की वापसी में दिखा देशभक्ति का जोश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 18 May 2025 10:00 PM
संक्षिप्त निलंबन के बाद दिल्ली में आईपीएल की वापसी में दिखा देशभक्ति का जोश
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच रविवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मुकाबले के दौरान दर्शकों में भी देशभक्ति का जोश देखने को मिला. दोनों टीम के खिलाड़ियों ने मुकाबले की शुरुआत से पहले राष्ट्रगान के लिए कतार में खड़े होकर अरुण जेटली स्टेडियम में देशभक्ति का जोश भर दिया. इस मुकाबले के साथ निलंबन के बाद टूर्नामेंट की राष्ट्रीय राजधानी में वापसी हुई.

भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव के कारण आईपीएल रुक गया था. जम्मू और पठानकोट में हवाई हमले की चेतावनी के कारण दिल्ली कैपिटल्स का पंजाब किंग्स के खिलाफ धर्मशाला में मैच बीच में ही रद्द कर दिया गया. रविवार को स्टेडियम में खिलाड़ियों के प्रवेश करते ही स्टैंड में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे गूंज रहे थे. वार्म-अप के दौरान डिजिटल पैनल और विशाल स्क्रीन पर ‘थैंक यू आर्म्ड फोर्सेज’ (शुक्रिया सशस्त्र बल) संदेश दिखाए गए.

पारी के ब्रेक के दौरान भी स्टेडियम में देशभक्ति के गाने बजे और लेजर शो के जरिए सैन्य बलों को धन्यवाद दिया गया. इस दौरान लेजर लाइट से मैदान पर ‘जय हिंद’ और ‘सैल्टयूट टू आर्म्ड फोर्सेस’ (सैन्य बलों को सलाम) जैसे संदेश उकेरे गए. जयपुर में भी इसी तरह के भावनात्मक दृश्य देखने को मिले जहां राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के खिलाड़ी सवाई मानसिंह स्टेडियम में मैच से पहले राष्ट्रगान के लिए कतार में खड़े थे. शनिवार को भी सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान दिखाया गया जब एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच बारिश से प्रभावित मैच के साथ 10 दिनों के ब्रेक के बाद आईपीएल फिर से शुरू हुआ.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu