अभिनेता मुकुल देव का निधन, शाम पांच बजे दिल्ली में होगा अंतिम संस्कार

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 24 May 2025 03:17 PM
अभिनेता मुकुल देव का निधन, शाम पांच बजे दिल्ली में होगा अंतिम संस्कार
ऑडियो सुनें

मुंबई: हिंदी सिनेमा अपने लोकप्रिय अभिनेता मुकुल देव की अचानक मौत हो जाने से स्तब्ध है। मुकुल देव को हाल फिलहाल की फिल्मों ‘सन ऑफ सरदार’, ‘आर… राजकुमार’, ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में अपने काम के लिए जाना जाता है। वह 54 वर्ष के थे।

शाम पांच बजे दिल्ली में होगा अंतिम संस्कार

मुकुल के बड़े भाई राहुल देव ने उनके अंतिम संस्कार की जानकारी देते हुए इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की। इसके साथ राहुल देव ने लिखा, “हमें आपको यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि हमारे भाई मुकुल देव का कल रात नई दिल्ली में निधन हो गया। उनके परिवार में उनकी बेटी सिया देव हैं। उनके भाई-बहन रश्मि कौशल, राहुल देव और उनके भतीजे सिद्धांत देव उन्हें बहुत याद करेंगे। उनका अंतिम संस्कार आज शाम 5 बजे होगा।”

इससे पहले उनकी करीबी मित्र और अभिनेत्री दीपशिखा नागपाल ने सोशल मीडिया पर इस खबर की पुष्टि की थी। उन्होंने एक थ्रोबैक तस्वीर शेयर करते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “RIP”। मुकुल देव आखिरी बार हिंदी फिल्म दिव्या दत्ता के साथ ‘अंत द एंड’ में नजर आए थे। वे अभिनेता राहुल देव के छोटे भाई हैं।

मुकुल देव का जन्म नई दिल्ली में एक पंजाबी परिवार में हुआ था, जिनकी जड़ें जालंधर के पास के एक गांव से जुड़ी थीं। उनके पिता हरी देव पुलिस में असिस्टेंट कमिश्नर थे और उन्होंने ही मुकुल को अफगानी संस्कृति से परिचित कराया था। उनके पिता पश्तो और फारसी भाषा बोल सकते थे।

मुकुल का मनोरंजन की दुनिया से पहला परिचय कक्षा 8 में हुआ जब उन्होंने दूरदर्शन के एक डांस शो में माइकल जैक्सन की नकल करते हुए प्रस्तुति दी थी और इसके लिए उन्हें पहली बार पारिश्रमिक मिला था। मुकुल ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी से हवाई जहाज उड़ाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया था।

धारावाहिक ‘मुमकिन’ (1996) से अभिनय की शुरुआत करने वाले मुकुल देव ने ‘फियर फैक्टर इंडिया’ का पहला सीजन होस्ट किया था। फिल्मों में उनकी शुरुआत ‘दस्तक’ से हुई थी, जिसमें उन्होंने एसीपी रोहित मल्होत्रा का किरदार निभाया था। पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन की भी ये पहली फिल्म थी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital