गिल को आगे बढ़कर नेतृत्व करना होगा : हरभजन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 May 2025 08:05 PM
गिल को आगे बढ़कर नेतृत्व करना होगा : हरभजन
ऑडियो सुनें

मुंबई. पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा कि नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को विराट कोहली और रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में आगे बढ़कर नेतृत्व करना होगा लेकिन युवा टीम का आकलन इतनी जल्दी नहीं किया जाना चाहिए. गिल को शनिवार को भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया जबकि ऋषभ पंत उनके उप कप्तान होंगे क्योंकि अगले महीने इंग्लैंड दौरे से नयी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत होगी. हरभजन ने कप्तान के रूप में गिल के चयन का स्वागत किया लेकिन कहा कि आगे काफी चुनौतियां हैं.

हरभजन ने रविवार को टीवी शो ‘हू इज द बॉस’ के लॉन्च के दौरान पीटीआई से कहा, ”शुभमन गिल जैसे युवा कप्तान का होना निश्चित रूप से यह शानदार कदम है जिन्होंने फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है. ” उन्होंने कहा, ”लेकिन यह एक कठिन दौरा होने जा रहा है. इंग्लैंड कभी भी आसान दौरा नहीं रहा है. यह एक युवा टीम है. विराट कोहली या रोहित शर्मा नहीं हैं, अचानक उस टीम में एक बड़ा खालीपन आ गया है और उसे भी भरने की जरूरत है, इसलिए शुभमन को आगे बढ़कर नेतृत्व करना होगा. ” हरभजन ने कहा कि गिल की टीम को समय दिया जाना चाहिए.

उन्होंने कहा, ”मैं लोगों से यह भी कहना चाहूंगा कि भले ही यह दौरा उनके अनुकूल नहीं हो, लेकिन वे जल्दी से आकलन करना शुरू नहीं करें. ” हरभजन ने कहा, ”भले ही वे जीत नहीं पाएं, तो भी कोई बात नहीं क्योंकि वे इससे सीखेंगे. मुझे विश्वास है कि इस दौरे पर जाने वाले सभी खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे. ”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu