दुकान के ‘चेंजिंग रूम’ में मिला गुप्त कैमरा, पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 May 2025 08:37 PM
दुकान के ‘चेंजिंग रूम’ में मिला गुप्त कैमरा, पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

शहडोल. मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल शहडोल जिले के एक छोटे से कस्बे में स्थित कपड़ों की एक दुकान के ‘चेंजिंग रूम’ में छुपाकर लगाए गए कैमरे के मिलने के बाद दुकान मालिक और उसके बेटे के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक, यह मामला तब सामने आया जब छुपाकर लगाए गए कैमरे से महिलाओं के कपड़े बदलने के दौरान बनाए गए कुछ वीडियो स्थानीय स्तर पर सोशल मीडिया पर साझा किए जाने लगे.

पुलिस ने बताया कि वीडियो में स्थानीय महिलाएं नजर आईं तो लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. यह पूरा मामला शहडोल के देवलोंद थाना क्षेत्र के छोटे से कस्बे बुढ़वा का है. देवलोंद के थाना प्रभारी सुभाष दुबे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बुढ़वा के रहने वाले कृष्ण पाल सिंह बैस ने पुलिस को लिखित शिकायत दी कि बुढ़वा में नारायण दीन गुप्ता की कपड़ों की दुकान के ‘चेंजिंग रूम’ में गुप्त कैमरा लगा हुआ है. दुबे ने दर्ज शिकायत का हवाला देते हुए कहा कि गुप्त कैमरे से दुकान के ‘चेंजिंग रूम’ में आने वाली महिलाओं की रिकॉर्डिंग की जा रही थी.

उन्होंने बताया कि पुलिस ने दुकान में दबिश दी तो वहां ‘चेंजिंग रूम’ में गुप्त कैमरा लगा हुआ मिला. अधिकारी ने कहा कि इसके बाद पुलिस ने कैमरे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को जब्त कर लिया. थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि दुकान के मालिक ने ही ‘चेंजिंग रूम’ में कैमरा छुपाकर लगाया था ताकि महिलाओं के वहां कपड़ा बदलने का दृश्य शूट किया जा सके. उन्होंने कहा कि बाद में दुकान मालिक इस वीडियो को अपने कंप्यूटर में देखा करता था.

पुलिस के मुताबिक, इस वीडियो की भनक उसके बेटे को लगी तो उसने भी वीडियो देखने शुरू कर दिए और फिर उसने कुछ वीडियो अपने दोस्तों को साझा कर दिए. पुलिस ने बताया कि वीडियो वायरल होने लगे और कुछ वीडियो में स्थानीय महिलाएं नजर आईं तब हंगामा मच गया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.

शहडोल के पुलिस अधीक्षक राम जी श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुकान मालिक और उसके बेटे के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. एक स्थानीय नागरिक ने इस घटना पर आश्चर्य जताया और ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि अब तक ऐसे मामले बड़े शहरों में सामने आया करते थे और अब ये यहां भी पहुंच गया. उन्होंने कहा कि पुलिस को इस मामले में ऐसी सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ताकि भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न हो.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu