चुनाव हारने के डर से हिमंत ने गौरव के पाकिस्तान से संबंध का मुद्दा उठाया: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 May 2025 09:17 PM
चुनाव हारने के डर से हिमंत ने गौरव के पाकिस्तान से संबंध का मुद्दा उठाया: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी. कांग्रेस ने रविवार को दावा किया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा सांसद गौरव गोगोई को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के एजेंट के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि उन्हें पता है कि अगर सांसद (गोगोई) को पार्टी का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया गया तो सत्तारूढ़ सरकार 2026 का राज्य विधानसभा चुनाव निर्णायक रूप से हार जाएगी.
यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य रिपुन बोरा ने कहा कि गोगोई की लोकप्रियता से शर्मा डरे हुए हैं. बोरा ने कहा कि गोगोई ने संसद के बाहर और अंदर अपनी विशेषज्ञता साबित की है जिसके कारण उन्हें लोकसभा में पार्टी के उपनेता के रूप में नामित किया गया है.

बोरा ने कहा, ”हिमंत विश्व शर्मा को यकीन है कि अगर कांग्रेस गौरव गोगोई को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करती है तो वह (शर्मा) चुनाव हार जाएंगे. शर्मा ने पहले ही गोगोई को अपना प्रतिद्वंद्वी मान लिया है क्योंकि पूरे राज्य में उनकी (गोगोई) की स्वीकार्यता है.” बोरा ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री 2026 के लिए अपना रास्ता साफ करने के लिए गोगोई को आईएसआई एजेंट के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कोई भी उन्हें गंभीरता से नहीं ले रहा है क्योंकि उन्होंने अपने दावों के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया है.

शर्मा के सभी आरोपों को खारिज करते हुए पूर्व सांसद ने कहा कि गोगोई की ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न एक अंतरराष्ट्रीय एनजीओ में काम करती हैं, जिसका नेटवर्क पाकिस्तान के साथ-साथ अन्य देशों में भी है. बोरा ने कहा, ”वह पाकिस्तान गई होंगी या उन्हें अपने काम के लिए वेतन मिला होगा, इसमें क्या समस्या है? इसी तरह, कई पाकिस्तानी लोग भारत में कानूनी रूप से काम कर रहे हैं.” बोरा ने पूछा, ”हमारे विदेश मंत्री एस जयशंकर की पत्नी एक जापानी नागरिक हैं और उनका दूसरा बच्चा ब्रिटिश नागरिक है. क्या इसका मतलब यह है कि हमें जयशंकर की देशभक्ति पर संदेह करना चाहिए?” कांग्रेस नेता ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के छोटे बेटे और भाई का भी उदाहरण दिया, जिनके पेशेवर करियर में पाकिस्तान से संबंध रहे हैं.

भाजपा के अलावा असम के मुख्यमंत्री शर्मा लोकसभा सदस्य गोगोई पर उनकी पत्नी के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से कथित संबंधों को लेकर हमलावर रहे है. शर्मा ने दावा किया था कि गोगोई की ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न ने भारत और पाकिस्तान के बीच 19 बार यात्रा की थी. शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि गोगोई ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के आमंत्रण पर पाकिस्तान का दौरा किया था और वहां प्रशिक्षण भी लिया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu