मीठी नदी गाद निकासी घोटाला: डिनो मोरिया और उनके भाई से मुंबई पुलिस ने पांच घंटे पूछताछ की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 28 May 2025 10:51 PM
मीठी नदी गाद निकासी घोटाला: डिनो मोरिया और उनके भाई से मुंबई पुलिस ने पांच घंटे पूछताछ की
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने मीठी नदी से गाद निकालने से जुड़े 65 करोड़ रुपये के कथित घोटाले को लेकर बुधवार को बॉलीवुड अभिनेता डिनो मोरिया और उनके भाई से पांच घंटे तक पूछताछ की. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि पिछले तीन दिनों में यह दूसरा मौका है जब अभिनेता को पूछताछ के लिए बुलाया गया है.

उन्होंने बताया कि मोरिया और उनके भाई सेंटिनो दक्षिण मुंबई स्थित मुंबई पुलिस आयुक्त के कार्यालय में ईओडब्ल्यू के अधिकारियों के समक्ष पेश हुए, जहां उनके बयान रिकॉर्ड किए गए. उन्होंने बताया कि ईओडब्ल्यू के अधिकारी आरोपी व्यक्तियों के साथ कुछ संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जांच कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि बयान दर्ज होने के बाद डिनो और उनके भाई शाम करीब सात बजे ईओडब्ल्यू कार्यालय से चले गए. अभिनेता को बाहर निकलते समय मास्क पहने देखा गया.

ईओडब्ल्यू के नये प्रशासनिक भवन के प्रवेश द्वार पर इंतजार कर रहे मीडियार्किमयों ने उनका पीछा किया और सवाल पूछने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उनके सवालों को टाल दिया और अपनी कार में बैठकर वहां से चले गए. अधिकारियों ने कहा कि दोनों भाइयों से इस मामले में गिरफ्तार बिचौलिये केतन कदम और एक अन्य आरोपी जय जोशी से उनके संबंध समेत कई चीजों के बारे में पूछताछ की गई.

उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच के मुताबिक, डिनो मोरिया और उनके भाई की फोन के जरिये कई बार कदम से बातचीत हुई.
ईओडब्ल्यू टीम को गिरफ्तार आरोपियों के कुछ संदिग्ध लेन-देन के बारे में भी जानकारी मिली है और वे इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या अभिनेता की इन लेनदेन में कोई भूमिका थी. कदम और जोशी शहर में मीठी नदी से गाद निकालने का काम करने वाले ठेकेदारों को ‘सिल्ट पुशर’ मशीनें और बहुउद्देशीय पोंटून मशीनें किराये पर देने में शामिल थे.

इस महीने की शुरुआत में ईओडब्ल्यू ने शहर से होकर अरब सागर में मिलने वाली नदी से गाद निकालने से संबंधित घोटाले में कथित संलिप्तता के लिए नगर निकाय के अधिकारियों और ठेकेदारों सहित 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था. आरोप है कि विशेष ‘ड्रेजिंग’ उपकरण किराये पर देने की निविदा में कुछ आपूर्तिकर्ताओं को लाभ पहुंचाने के लिए हेरफेर की गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu