रूस ने यूक्रेन के सीमावर्ती गांवों पर किया कब्जा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 May 2025 08:13 PM
रूस ने यूक्रेन के सीमावर्ती गांवों पर किया कब्जा
ऑडियो सुनें

कीव. रूसी सेना ने यूक्रेन के उत्तरपूर्वी सुमी क्षेत्र में चार सीमावर्ती गांवों पर कब्जा कर लिया है. एक स्थानीय अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कुछ दिन पहले कहा था कि उन्होंने सीमा पर एक ‘बफर जोन’ स्थापित करने का आदेश जारी किया है. सुमी रूस के कुर्स्क क्षेत्र की सीमा पर स्थित है, जहां यूक्रेन ने पिछले साल आक्रमण कर आश्चर्यजनक रूप से जमीन के एक हिस्से पर कब्जा कर लिया था. ‘बफर जोन’ बनाने से रूस को वहां यूक्रेन के सीमा पार हमलों को रोकने में मदद मिल सकती है.

इस बीच, पिछले कुछ दिनों में तेज जुआ रूसी बमबारी अभियान रातों-रात धीमा पड़ गया, क्योंकि बहुत कम रूसी ड्रोन ने यूक्रेन के छोटे कस्बों और शहरों को निशाना बनाया. युद्ध विराम सुनिश्चित करने और शांति वार्ता का मार्ग प्रशस्त करने के लिए अमेरिका के नेतृत्व में कई महीनों से किए जा रहे गहन प्रयासों के बावजूद रूस की ओर से हमलों को रोकने का कोई संकेत नहीं दिया जा रहा है.

रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल ने तीन साल में पहली बार प्रत्यक्ष वार्ता के लिए इस महीने की शुरुआत में तुर्किये में मुलाकात की थी. बड़े पैमाने पर कैदियों की अदला-बदली ही एकमात्र ठोस परिणाम रहा है, लेकिन वार्ता से कोई महत्वपूर्ण सफलता नहीं मिली है.
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार और रविवार के बीच रूस ने यूक्रेन पर लगभग 900 ड्रोन दागे. रूस ने रविवार की रात यूक्रेन के खिलाफ सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया, जिसमें 355 ड्रोन दागे गए यूक्रेन की वायु सेना ने मंगलवार को बताया कि सोमवार से मंगलवार तक रूस ने यूक्रेन पर 60 ड्रोन दागे.

रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने सात रूसी क्षेत्रों में रात भर में यूक्रेन के 99 ड्रोन को मार गिराया.
रूस द्वारा यूक्रेन पर सप्ताहांत में की गई बमबारी की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कड़ी आलोचना की और कहा कि पुतिन ‘पागल’ हो गए हैं. ट्रंप की टिप्पणी पर सोमवार को क्रेमलिन की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई तथा प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने रूसी सैन्य कार्रवाई पर ट्रंप की प्रतिक्रियाओं की आलोचना की.

वहीं, पेस्कोव ने शांति के लिए अमेरिकी प्रयासों की मंगलवार को नरम लहजे में सराहना की और कहा कि ”अमेरिकियों और राष्ट्रपति ट्रंप ने काफी संतुलित दृष्टिकोण अपनाया है.” सुमी क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेह ह्रीहोरोव ने एक बयान में कहा कि सुमी में रूसी सेना गांवों पर कब्जा करने के बाद अंदर तक आगे बढ.ने की कोशिश कर रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu