रैपर राजा कुमारी एएमए पुरस्कार पाने वालीं भारतीय मूल की पहली संगीतकार बनीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 May 2025 09:58 PM
रैपर राजा कुमारी एएमए पुरस्कार पाने वालीं भारतीय मूल की पहली संगीतकार बनीं
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. भारतीय मूल की गायिका-गीतकार और रैपर राजा कुमारी को मंगलवार को अमेरिकन म्यूजिक अवॉर्ड (एएमए) से सम्मानित किया गया. उन्हें सोमवार रात लॉस एंजिल्स में आयोजित 51वें एएमए में ‘आर्केन लीग ऑफ लीजेंड्स: सीजन 2’ के लिए नामांकित किया गया था. इससे पहले ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए गए एक साक्षात्कार में कुमारी ने कहा था कि वह एएमए के लिए नामांकित होने वाली भारतीय मूल की पहली संगीतकार हैं.

कुमारी, ब्रिटेन की हिप-हॉप कलाकार स्टेफलॉन डॉन और डोमिनिकन-ब्राजीलियन कलाकार जरीना डी मार्को के सहयोग से बनी ‘आर्केन लीग ऑफ लीजेंड्स’ सीरीज के गीत ‘रेनेगेड (वी नेवर रन)’ को पसंदीदा साउंडट्रैक श्रेणी के तहत नामित किया गया था.
कुमारी ने बताया कि यह गाना उनके लिए वाकई खास है.

कुमारी ने कहा, ”स्टेफलॉन (डॉन) और मैं सिद्धू (मूसे वाला) से काफी हद तक जुड़े हुए हैं. सिद्धू के साथ उनका भी एक गाना है. मैं सिद्धू से उस समय मिली थी जब हम साथ काम कर रहे थे, तो उन्होंने मुझे यह गाना सुनाया था. इसलिए, मेरे दिल में हमेशा उनके लिए एक खास जगह रही है क्योंकि हम दोनों ही एक तरह से सौम्य व्यक्तित्व वाले हैं.” रैपर ने कहा कि उन्हें इस गाने के लिए इसलिए संपर्क किया गया क्योंकि फिल्म में उनका किरदार भारतीय है. कुमारी ने कहा, ”उन्होंने (आर्केन टीम) मेरे बारे में सुना था कि मैं हमारी संस्कृति का प्रतिनिधित्व करती हूं और एक महिला के रूप में इस तरह का संगीत बनाने में सक्षम हूं.” कुमारी ने कहा कि उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि यह गाना इतना बड़ा हिट होगा. कुमारी ने कहा, ”यह गाना स्पॉटिफाई पर ‘वायरल 50’ चार्ट पर दुनिया के शीर्ष 10 में पहुंच गया. यह कुछ ऐसा था जो अचानक से हुआ. मैंने बस एक फिल्म के लिए एक गाना किया था. मुझे इससे बहुत उम्मीदें नहीं थीं. इसने लोगों को वास्तव में प्रभावित किया.”

रैपर ने कहा कि एएमए नामांकन ऐसे समय में मिला जब वह यह मानने लगी थी कि शायद बड़ा बनने के लिए किसी एक शैली पर ही ध्यान केंद्रित करना होगा. उन्होंने कहा, ”मैं हमेशा से एक वैश्विक कलाकार रही हूं, इसलिए एएमए पुरस्कार एक शानदार मौका है. मुझे अभी बहुत काम करना बाकी है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu