उदित राज ने राहुल गांधी के इशारे पर थरूर पर निशाना साधा: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 28 May 2025 07:35 PM
उदित राज ने राहुल गांधी के इशारे पर थरूर पर निशाना साधा: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता उदित राज, राहुल गांधी के इशारे पर अपनी पार्टी के सहयोगी शशि थरूर पर निशाना साध रहे हैं, क्योंकि जब पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेनकाब करने की बात आयी तो केरल के सांसद ने राष्ट्रीय हित को अपनी पार्टी और गांधी परिवार से ऊपर रखा.

भाजपा की यह टिप्पणी उदित राज द्वारा थरूर पर निशाना साधे जाने के बाद आई है. थरूर ऑपरेशन सिंदूर के बाद पांच देशों के लिए रवाना हुए एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं. थरूर ने पनामा में एक कार्यक्रम में कथित तौर पर कहा था कि भारत ने आतंकवादी ठिकानों पर 2016 में र्सिजकल स्ट्राइक के दौरान पहली बार नियंत्रण रेखा पार की थी. उदित राज ने अपनी पार्टी के सांसद शशि थरूर के ताजा बयान को लेकर बुधवार को उनपर निशना साधा और कहा कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुख्य प्रवक्ता घोषित कर देना चाहिए.

इस पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने गांधी के कहने पर थरूर पर हमला करने के लिए उदित राज को ऐसे समय में लगाया है, जब कांग्रेस सांसद थरूर के नेतृत्व में सर्वदलीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान को बेनकाब करने के लिए विदेश में है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस, जो ”अपने ही नेता पर मिसाइल दाग रही है”, पाकिस्तान के खिलाफ एक शब्द भी नहीं बोलेगी.

पूनावाला ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”राहुल गांधी के इशारे पर शशि थरूर पर हमला किया जा रहा है, क्योंकि शशि थरूर ने भारत को प्राथमिकता दी, न कि (गांधी) परिवार को. उन्होंने राष्ट्रीय हित की बात की, न कि अपनी पार्टी के हित की. उनपर इसलिए हमला किया जा रहा है, क्योंकि उन्होंने राष्ट्रीय नीति को वोट बैंक (राजनीति) से ऊपर रखा.” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सर्वदलीय बैठक में कहा था कि वह इस मुद्दे पर देश और भारतीय सशस्त्र बलों के साथ है, लेकिन वह अपने व्यवहार में लगातार दोहरे मापदंड प्रर्दिशत कर रही है.

भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं के हालिया बयानों का हवाला दिया, जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर ‘छिटपुट युद्ध’ टिप्पणी भी शामिल है. प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकी हमले पर पाकिस्तान को ‘क्लीन चिट’ देने में लगी हुई है. पूनावाला ने आरोप लगाया, ”आज कांग्रेस पाकिस्तान के डीजी आईएसपीआर (अहमद शरीफ चौधरी) की तरह बात करते हुए अपने ही नेता (शशि थरूर) पर मिसाइल दाग रही है. यह (कांग्रेस) पाकिस्तान के खिलाफ एक शब्द भी नहीं कहेगी. यह पाकिस्तान को क्लीन चिट देगी.” भाषा

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu