लायंस के खिलाफ पहले ‘अनधिकृत टेस्ट’ से इंग्लैंड के हालात को समझने उतरेंगे भारतीय टेस्ट क्रिकेटर

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 29 May 2025 03:51 PM
लायंस के खिलाफ पहले ‘अनधिकृत टेस्ट’ से इंग्लैंड के हालात को समझने उतरेंगे भारतीय टेस्ट क्रिकेटर
ऑडियो सुनें

कैंटरबरी: सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और हरफनमौला नीतिश कुमार रेड्डी समेत कई प्रमुख टेस्ट क्रिकेटर इंग्लैंड के हालात में ढलने की कोशिश करेंगे जब भारत ए टीम शुक्रवार से यहां इंग्लैंड लायंस के खिलाफ चार दिवसीय अनधिकृत टेस्ट खेलेगी। जायसवाल और नीतिश के अलावा भारत ए टीम में अभिमन्यु ईश्वरन, ध्रुव जुरेल, करूण नायर, तेज गेंदबाज आकाश दीप और शार्दुल ठाकुर भी हैं।

भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट श्रृंखला 20 जून से लीड्स पर शुरू होगी। करूण को छोड़कर बाकी सभी का यह पहला इंग्लैंड दौरा है। ईश्वरन की बात करें तो रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद भारत को जायसवाल के साथ पारी की शुरूआत के लिये एक बल्लेबाज चाहिये। इसके साथ ही विराट कोहली के संन्यास के बाद चौथे नंबर के लिये भी बल्लेबाज चाहिये।

ईश्वरन प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 101 मैचों में पारी का आगाज कर चुके हैं ।वह कई मौकों पर पहले भी अंतिम एकादश में जगह बनाने के करीब पहुंचे लेकिन चूक गए। अब रोहित के संन्यास के बाद वह सलामी बल्लेबाज या तीसरे नंबर के बल्लेबाज के तौर पर टीम में जगह बना सकते हैं।

चयनकर्ता अगर केएल राहुल को सलामी बल्लेबाज की भूमिका देते हैं तो वह तीसरे नंबर पर और नये कप्तान शुभमन गिल चौथे नंबर पर उतर सकते हैं। करूण भी आठ साल बाद भारतीय टीम में लौटे हैं जिन्होंने 2023 . 24 सत्र में घरेलू क्रिकेट में काफी रन बनाये हैं। इंग्लैंड में नॉर्थम्पटनशर के लिये काउंटी क्रिकेट खेल चुके करूण को यहां के हालात का अच्छा अनुभव है।

नीतिश रेड्डी ने 2024 . 25 के आस्ट्रेलिया दौरे पर पांच टेस्ट में एक शतक समेत 298 रन बनाये। भारत ए टीम और टेस्ट टीम में ठाकुर के चयन से साबित है कि टीम प्रबंधन गेंदबाजी में और आक्रामकता चाहता है। ऐसे में ठाकुर अपनी उपयोगिता साबित करना चाहेंगे।

टेस्ट टीम में शामिल जुरेल और एक बार फिर उपेक्षा का शिकार हुए सरफराज खान खुद को तैयार रखेंगे ताकि अगर मौका मिलता है तो वे इसे भुना सकें। इंग्लैंड की बात करें तो जोर्डन कॉक्स की फिटनेस पर नजरें होंगी जो पेट की मांसपेशी में चोट के कारण जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट नहीं खेल पाये थे।

21 वर्ष के जेम्स रियू लायंस के कप्तान हैं और इस साल काउंटी चैम्पियनशिप में 55 की औसत से रन बना चुके हैं। स्पिनर रेहान अहमद और हरफनमौला क्रिस वोक्स भी टीम में हैं।

टीमें :

भारत ए : अभिमन्यु ईश्वरन (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, करूण नायर, ध्रुव जुरेल, नीतिश कुमार रेड्डी, शार्दुल ठाकुर, ईशान किशन, मानव सुतार, तनुष कोटियान, मुकेश कुमार, आकाश दीप, र्हिषत राणा, अंशुल कम्बोज, खलील अहमद, रूतुराज गायकवाड़, सरफराज खान, तुषार देशपांडे, हर्ष दुबे ।

इंग्लैंड लायंस : जेम्स रियू (कप्तान), फरहान अहमद, रेहान अहमद, सोनी बेकर, जोर्डन कॉक्स, रॉकी ंिफ्लटॉफ, एमिलियो गे, टॉम हैंस, जॉर्ज हिल, जोश हुल, एडी जैक, बेन मैकिनी, डान माउसली, अजीत ंिसह डेल, क्रिस वोक्स , मैक्स होल्डन ।

मैच का समय : दोपहर 2.30 से ।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital