दलित लड़की की शादी मैरिज हॉल में होने पर हमला, 24 लोगों पर मुकदमा दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Jun 2025 07:22 PM
दलित लड़की की शादी मैरिज हॉल में होने पर हमला, 24 लोगों पर मुकदमा दर्ज
ऑडियो सुनें

बलिया. बलिया जिले के रसड़ा क्षेत्र में कथित तौर पर दलित वर्ग की एक लड़की की शादी का समारोह एक बारात घर में आयोजित करने के विरोध में वहां उपस्थित लोगों पर हमला कर दिया गया. इस घटना में दो लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए और इस सिलसिले में कुल 24 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है.

पुलिस सूत्रों ने दर्ज रिपोर्ट के हवाले से रविवार को बताया कि रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के रसड़ा कस्बे के मिशन रोड निवासी राघवेन्द्र गौतम ने दर्ज मुकदमे में बताया है कि 30 मई को उनकी बहन की शादी कस्बे के एक मैरिज हॉल में हो रही थी. शिकायत के मुताबिक बारात आने के बाद रात करीब साढ़े दस बजे मल्लाह टोली के अमन साहनी, दीपक साहनी, राहुल और अखिलेश नामक लोग 15-20 अज्ञात लोगों के साथ लाठी-डंडे, रॉड और पाइप लेकर आए और गाली-गलौज करने लगे, साथ ही कहा कि दलित जाति के होकर भी मैरिज हॉल में शादी कैसे कर रहे हो.

सूत्रों ने बताया कि गौतम के मुताबिक इसके बाद हमलावरों ने शादी समारोह में मौजूद लोगों पर हमला कर दिया. इस घटना में अजय कुमार और मनन कांत गम्भीर रूप से घायल हो गए. सूत्रों ने बताया कि इस सिलसिले में राघवेन्द्र गौतम की तहरीर पर शनिवार को अमन साहनी, दीपक साहनी, राहुल और अखिलेश को नामजद करते हुए 20 अज्ञात समेत कुल 24 लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. कोतवाली प्रभारी विपिन सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu