भारत की ‘अपराध राजधानी’ बन गया है बिहार: राहुल गांधी

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 06 Jun 2025 04:32 PM
भारत की ‘अपराध राजधानी’ बन गया है बिहार: राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

राजगीर: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राजग सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि राज्य ‘भारत की अपराध राजधानी’ बन गया है।

नालंदा के राजगीर में ‘संविधान सुरक्षा सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि सैन्य संघर्ष के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच शांति स्थापित करने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों पर मोदी ने चुप्पी साधे रखी।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘बिहार, जिसे कभी शांति और न्याय की भूमि माना जाता था, अब भारत की अपराध राजधानी बन गया है।’’ गांधी ने यह भी कहा कि उन्हें इस बात की आशंका है कि क्या केंद्र ऐसे में जाति जनगणना ठीक से कर पाएगा, जबकि ‘प्रश्नावली को अंतिम रूप देने वालों में ओबीसी, दलित या आदिवासी समुदायों का कोई भी अधिकारी नहीं है।’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं संविधान को बचाने और देश की समग्र बेहतरी के लिए जाति जनगणना के लिए लड़ रहा हूं… भविष्य में हम जब भी सरकार बनाएंगे, हम आरक्षण पर 50 प्रतिशत की सीमा हटा देंगे। इसकी शुरूआत बिहार से होगी।’’

भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष पर लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, ‘‘ट्रंप की तरफ से एक फोन कॉल आया और नरेन्द्र मोदी जी ने तुरंत आत्मसमर्पण कर दिया। ट्रंप ने खुद कम से कम 11 बार सार्वजनिक रूप से इस बारे में (शांति स्थापित कराने के बारे में) कहा है। लेकिन, प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर चुप हैं। मुझे पता है कि उनके पास इस पर कहने के लिए कुछ नहीं है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital