भारतीय महिला हॉकी टीम प्रो-लीग में ऑस्ट्रेलिया से 1-2 से हारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 15 Jun 2025 07:34 PM
भारतीय महिला हॉकी टीम प्रो-लीग में ऑस्ट्रेलिया से 1-2 से हारी
ऑडियो सुनें

लंदन. भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को यहां एफआईएच प्रो लीग मैच में ऑस्ट्रेलिया को कड़ी टक्कर दी लेकिन अंतिम मिनट में गोल खाकर 1-2 से हार गई. यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की लगातार दूसरी हार है. टीम को इससे पहले शुक्रवार 2-3 से शिकस्त का सामना करना पड़ा था. वैष्णवी फाल्के के मैदानी गोल की मदद से भारतीय टीम ने मैच के तीसरे मिनट में ही बढ़त कायम कर ली. ऑस्ट्रेलिया ने मैच के 37वें मिनट में एमी लॉटन के गोल से स्कोर बराबर कर लिया. मैच नियमित समय में बराबरी की तरफ बढ़ रहा लेकिन 60वें मिनट में लैक्सी पिकरिंग ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर भारतीय खेमे को हताश कर दिया.

भारतीय टीम ने मैच के शुरुआती मिनट में ही ऑस्ट्रेलिया की रक्षापंक्ति पर दबाव बनाते हुए लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये. टीम ने इस दबाव को जारी रखते हुए तीसरे मिनट में बढ़त कायम कर ली. नवनीत कौर ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को चकमा देते हुए गेंद को र्शिमला देवी की तरफ ढकेला. र्शिमला ने उसे वैष्णवी की तरफ खेल दिया जिन्होंने उसे गोल पोस्ट की दिशा में मोड़ कर टीम का खाता खोल दिया. नवनीत के पास इस बढ़त को दोगुना करने का मौका था लेकिन वह लक्ष्य से चूक गई. ऑस्ट्रेलिया को भी शुरुआती क्वार्टर में दो पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन टीम उसे गोल में नहीं बदल पायी.

मैच के दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच करीबी मुकाबला देखने को मिला लेकिन किसी को भी गोल करने में सफलता नहीं मिली.
मध्यांतर के बाद आस्ट्रेलिया खेल की गति को बढ़ाने के अपने प्रयास में सफल रहा. लॉटन ने 37वें मिनट में शानदार मैदानी गोल से स्कोर को बराबर कर दिया. उन्होंने भारतीय रक्षापंक्ति से गेंद लेकर शानदार नियंत्रण बनाया और फिर सर्कल के पास से करारा प्रहार कर गेंद को भारतीय गोल पोस्ट में डाल दिया. मैच के चौथे क्वार्टर में भारतीय टीम का दबदबा रहा. टीम ने इस क्वार्टर की शुरुआत में पेनल्टी कॉर्नर पर चूकने के बाद 54वें मिनट में लगातार चार पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये. भारतीय खिलाड़ी हालांकि इसमें से किसी को भी गोल में बदलने में सफल नहीं रहे.

मैच में जब महज 34 सेकंड का खेल बचा था तब ऑस्ट्रेलिया ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर विजयी बढ़त बना ली. टैटम स्टीवर्ट ने पिकरिंग को बेहतरीन पास दिया, जिन्होंने गेंद को गोल में पहुंचाकर आस्ट्रेलिया को तीन अंक दिलाए. भारतीय टीम अब मंगलवार को अर्जेंटीना के खिलाफ खेलेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu