तमिलनाडु: बुजुर्ग महिला का ‘यौन उत्पीड़न’, पुलिस ने संदिग्ध को गोली मारकर पकड़ा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 17 Jun 2025 08:59 PM
तमिलनाडु: बुजुर्ग महिला का ‘यौन उत्पीड़न’, पुलिस ने संदिग्ध को गोली मारकर पकड़ा
ऑडियो सुनें

कुड्डालोर (तमिलनाडु). जिले के पनरुति में एक युवक ने 80 वर्षीय महिला का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया जिसके बाद पुलिस ने मंगलवार को संदिग्ध को पकड़ लिया. एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी ने पुलिस पर हमला कर दिया था जिसके बाद उसके पैर में घुटने के नीचे गोली मारी गई और फिर उसे पकड़ा गया. कुड्डालोर के पुलिस अधीक्षक एस जयकुमार ने बताया कि 80 वर्षीय महिला सोमवार शाम को अपने गांव के बाहर टहल रही थी तभी आरोपी ने शराब के नशे में उसका यौन उत्पीड़न किया. उन्होंने बताया कि बाद में आरोपी की पहचान पड़ोसी गांव के सुंदरवेल के रूप में हुई.

इस चौंकाने वाली घटना के बाद पुलिस ने चार विशेष टीम बनाईं और निरीक्षक वेलुमणि के नेतृत्व में एक टीम कदमपुलियूर पहुंची. सूचना मिली थी कि संदिग्ध सुंदरवेल गांव में छिपा हुआ है और उसे पकड़ने का प्रयास किया गया. एसपी ने यहां संवाददाताओं को बताया, “लेकिन जब पुलिस दल ने सुंदरवेल को पकड़ने की कोशिश की तो उसने कांस्टेबल कुबेंद्रन पर हमला कर दिया और उसके हाथ पर चोट पहुंचाई. निरीक्षक वेलुमणि ने तुरंत संदिग्ध के घुटने के नीचे एक गोली चलाई और उसे पकड़ लिया.” संदिग्ध और घायल कांस्टेबल दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया.

एसपी ने बताया कि दो दिन पहले ही अपराधी को चोरी के एक मामले में रिहा किया गया था. पीड़िता का यहां एक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस बीच अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी ने घटना के लिए सत्तारूढ़ द्रमुक सरकार की आलोचना की और कहा कि मौजूदा शासन में बुजुर्ग महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं. पलानीस्वामी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “ऐसी घटनाएं पूरे तमिलनाडु में हो रही हैं और लोगों को इस बात की जरा सी भी उम्मीद नहीं है कि कठपुतली मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, जो गहरी नींद में हैं, मादक पदार्थों के उन्मूलन या कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोई कार्रवाई करेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu