अलवर में नौ वर्षीय बच्चे के सामने पिता की हत्या, प्रेमी संग साजिश रचने के आरोप में मां गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 18 Jun 2025 08:05 PM
अलवर में नौ वर्षीय बच्चे के सामने पिता की हत्या, प्रेमी संग साजिश रचने के आरोप में मां गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

जयपुर. राजस्थान के अलवर जिले के खेड़ली कस्बे में नौ साल के एक बच्चे के सामने उसके पिता की हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार यह हत्या बच्चे की मां के प्रेमी ने अपने चार सहयोगियों के साथ मिलकर की. हत्या के चश्मदीदी इस बच्चे ने पुलिस को बताया कि घटना के समय उसकी मां चुपचाप खड़ी रही.

पुलिस ने बताया कि घटना सात जून की रात की है जब टेंट का काम करने वाले वीरू जाटव की रेहड़ी लगाने वाले काशीराम प्रजापत ने कथित तौर पर भाड़े पर बुलाए अपने साथियों की मदद से हत्या कर दी. उसने बताया कि काशीराम कथित तौर पर वीरू की पत्नी अनीता का प्रेमी है.

खेड़ली के थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने कहा, ”अपने बयान में बच्चे ने कहा कि रात में चारपाई हिलने की आवाज सुनकर उसकी नींद खुली. उसने देखा कि काशीराम उसके पिता का मुंह तकिये से दबा रहा था जबकि उसकी मां अनीता पास में खड़ी होकर देख रही थी. जब लड़के ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो काशीराम ने उसे उठा लिया और चुप रहने के लिए धमकाया.” सिंह के अनुसार, ”लड़के ने बताया कि वारदात की रात उसके पिता देर से घर आए और उसे सोने से पहले अपना फोन चार्ज करने के लिए कहा. अनीता ने बच्चे को जल्दी सोने के लिए कहा. रात में बच्चे ने शोर सुना और कथित तौर पर अपनी मां को काशीराम और चार अन्य लोगों को अंदर लाने के लिए दरवाजा खोलते देखा.”

बच्चे ने संवाददाताओं से कहा, ”मैंने पापा पर हमला होते देखा. मम्मी ने कुछ नहीं कहा. मैंने पापा के पास जाने की कोशिश की, लेकिन काशीराम अंकल ने मुझे उठाया और डांटा. फिर पापा ने हिलना बंद कर दिया. मम्मी बहुत बुरी है. उसने पापा को मरवा दिया.” पुलिस के अनुसार अनीता तथा वीरू दोनों पहले से तलाकशुदा थे और दोनों का प्रेम विवाह हुआ था.

उसने बताया कि अनीता एक किराना की दुकान करती थी जहां वह कचोरी आदि का ठेला लगाने वाले काशीराम के संपर्क में आई.
पुलिस ने बताया कि धीरे-धीरे उनके बीच संबंध प्रगाढ़ होते गए और उन्होंने कथित तौर पर वीरू की हत्या की साजिश रची.
पुलिस उपाधीक्षक कैलाश चंद ने बताया, ”घटना को षडयंत्रपूर्वक अंजाम दिया गया. काशीराम ने चार लोगों को इस काम के लिए दो लाख रुपये दिए थे. हत्या की रात अनीता ने उनके लिए दरवाजा खोला. वह मूकदर्शक बनी रही, जबकि उसके पति की गला दबाकर हत्या कर दी गई.” वीरू की हत्या के बाद अनीता ने अपनी जेठानी को फोन किया और दावा किया कि वीरू अचानक बीमार पड़ गया है. हालांकि, वीरू के बड़े भाई गब्बर को ‘साइलेंट अटैक’ की बात पर संदेह हुआ.

पुलिस ने बताया कि बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई. थानाधिकारी ने कहा, ”जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई और बच्चे के विस्तृत बयान से घटनाओं की कड़ी जोड़ी गई जिसके बाद मामले से पर्दा हटा.” उन्होंने बताया कि अनीता को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu