केदारनाथ पैदल मार्ग पर भूस्खलन की चपेट में आकर दो लोगों की मौत, तीन अन्य घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 18 Jun 2025 08:12 PM
केदारनाथ पैदल मार्ग पर भूस्खलन की चपेट में आकर दो लोगों की मौत, तीन अन्य घायल
ऑडियो सुनें

रुद्रप्रयाग. उत्तराखंड में केदारनाथ पैदल मार्ग पर जंगलचट्टी बरसाती नाले के पास बुधवार को भूस्खलन होने से उसकी चपेट में आए दो पालकी मजदूरों की मौत हो गयी तथा गुजरात के एक तीर्थयात्री समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए. रुद्रप्रयाग के पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार सुबह करीब 11 बजे बरसाती नाले के पास ऊपर पहाड़ी से मलबा और पत्थर आने के कारण पैदल रास्ते से गुजर रहा एक तीर्थयात्री और चार पालकी मजदूर इसकी चपेट में आकर नीचे खाई में गिर गए. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस तथा जिला आपदा प्रबंधन बल की टीम ने हादसे का शिकार हुए लोगों को निकाला.

इसने बताया कि दो पालकी मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि अन्य दो पालकी मजदूर तथा एक तीर्थयात्री घायल हो गए.
पुलिस ने बताया कि घायलों को गौरीकुंड अस्पताल पहुंचाया गया. उसने बताया कि मृतकों की पहचान जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के निवासी नितिन कुमार सिंह तथा चंद्रशेखर के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया घायलों की पहचान डोडा निवासी संदीप कुमार तथा नितिन मन्हास और गुजरात के भावनगर निवासी तीर्थयात्री आकाश चितरीय के रूप में हुई है.

इस बीच, पुलिस की मौजूदगी में यात्रियों का आवागमन कराया जा रहा है. रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन द्वारा अनुरोध किया गया है कि केदारनाथ यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालु नियमित रूप से मौसम की जानकारी लेते रहें तथा प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करें. श्रद्धालुओं से पर्वतीय भागों में अत्यधिक सावधानी बरतने एवं किसी भी आपात स्थिति में निकटतम सहायता केंद्र या हेल्पलाइन नंबर से संपर्क करने की अपील की गई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu