नयी दिल्ली. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन पर बृहस्पतिवार को उनका सामान ‘5 सुनहरी बाग रोड’ पर पहुंचाया जाना शुरू हो गया, जो उनका नया आवास होगा. सूत्रों ने बताया कि अभी कुछ दिनों तक उनके सामान को वहां पहुंचाया जाएगा और संभव है कि 21 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र से पहले वह इस बंगले में विधिवत रहना शुरू कर दें.
राहुल गांधी बृहस्पतिवार को 55 साल के हो गए. उनका जन्म 19 जून, 1970 को नई दिल्ली में हुआ था. वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की ज्येष्ठ संतान हैं. वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश के रायबरेली से लोकसभा सदस्य और नेता प्रतिपक्ष हैं.
राहुल करीब दो वर्षों से अपनी मां और कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी के ’10 जनपथ’ स्थित आवास में रह रहे थे.
इससे पहले वह लंबे समय तक ’12, तुगलक लेन’ में रहे. वर्ष 2023 में ‘मोदी’ उपनाम मानहानि वाले मामले में अदालती फैसले के बाद लोकसभा सदस्यता जाने के कारण उन्होंने यह घर खाली कर दिया था. बाद में उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद उनकी सदस्यता बहाल हो गई थी, लेकिन उसके बाद से उन्होंने अपनी मां के आधिकारिक आवास में रहना जारी रखा. सुनहरी बाग स्थित आवास में इससे पहले कर्नाटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ए. नारायणस्वामी रहते थे. वह वर्ष 2021 से 2024 तक मोदी सरकार में सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रहे.
राहुल 55 साल के हुए, प्रधानमंत्री और खरगे समेत कई नेताओं ने दी बधाई
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बृहस्पतिवार को 55 साल के हो गए. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और ‘इंडिया’ गठबंधन के कई घटक दलों के नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी तथा उनके दीर्घायु होने की कामना की. कांग्रेस के कई नेताओं ने ”सामाजिक न्याय की लड़ाई” के लिए राहुल गांधी की सराहना की तो तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष के साथ उनका रिश्ता खून का भले न हो, लेकिन विचार, नजरिए और उद्देश्य का जरूर है.
राहुल गांधी का जन्म 19 जून, 1970 को नई दिल्ली में हुआ था. वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की ज्येष्ठ संतान हैं. वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश के रायबरेली से लोकसभा सदस्य और नेता प्रतिपक्ष हैं. वह अपने जन्मदिन पर कांग्रेस के पूर्व मुख्यालय ’24 अकबर रोड’ पहुंचे जहां पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं.
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई. ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करें.” खरगे ने एक्स पर पोस्ट किया, “राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. जो चीज आपको अलग करती है वह संविधान के मूल्यों के प्रति आपका अप्रतिम समर्पण और उन लाखों लोगों के लिए सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक न्याय के प्रति आपकी गहरी करुणा, जिनकी आवाजें अक्सर अनसुनी कर दी जाती हैं.”
उन्होंने कहा, “आपके कार्य लगातार कांग्रेस पार्टी की विविधता में एकता, सद्भाव और करुणा की विचारधारा को दर्शाते हैं. जैसा कि आप सच्चाई को सत्ता तक पहुंचाने और अंतिम व्यक्ति का समर्थन करने के अपने मिशन को जारी रखते हैं, मैं आपके लंबे, स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना करता हूं.” लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, “लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी जी को जन्मदिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं. ईश्वर से आपके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूँ.” तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “विचारों और मूल्यों के संदर्भ में मेरे भाई राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष के साथ उनके रिश्ते खून से नहीं, बल्कि विचार, दृष्टि और उद्देश्य से जुड़े हैं.
स्टालिन का कहना था, “आप दृढ. रहें और साहस के साथ नेतृत्व करें. एक उज्ज्वल भारत की ओर हमारे मार्च में जीत हमारी होगी.” राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी को जन्मदिवस की हार्दिक मंगलकामनाएं. भगवान उनको स्वस्थ, सुखी और खुशहाल रखें.” राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी.
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”विपक्ष के नेता राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं. आपके लंबे और सफल करियर की कामना है.” समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, “राहुल गांधी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई व सौहार्दपूर्ण, समावेशी, समायोजनकारी समग्र सामाजिक-राजनीतिक सक्रियता के लिए शुभकामनाएं.” झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कई अन्य विपक्षी नेताओं ने भी राहुल गांधी को बधाई दी.