दिल्ली से वियतनाम के लिए रवाना हुआ एअर इंडिया तकनीकी खामी के कारण वापस लौटा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 19 Jun 2025 10:58 PM
दिल्ली से वियतनाम के लिए रवाना हुआ एअर इंडिया तकनीकी खामी के कारण वापस लौटा
ऑडियो सुनें

मुंबई. दिल्ली से 130 यात्रियों को लेकर वियतनाम के हो ची मिन्ह शहर जा रहा एअर इंडिया का उड़ान एआई388 रवाना होने के तुरंत बाद ‘एहतियाती उपाय’ के तौर पर राष्ट्रीय राजधानी लौट आया. विमानन कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. एअर इंडिया ने एक बयान में कहा कि 19 जून को विमान ने सुरक्षित रूप से दिल्ली हवाई अड्डे पर लैंडिंग की और सभी यात्रियों को उतार लिया गया.

एक सूत्र ने बताया कि तकनीकी खराबी आने के बाद विमान को वापस लौटना पड़ा. उन्होंने बताया कि विमान में 130 से अधिक यात्री सवार थे. उड़ानों पर वास्तविक समय में नजर रखने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार24 डॉट कॉम’ के मुताबिक एयरबस ए320 नियो विमान ने अपने निर्धारित समय से 45 मिनट की देरी से अपराह्न 1.45 बजे हो ची मिन्ह सिटी के लिए उड़ान भरी थी.

राष्ट्रीय राजधानी के हवाई क्षेत्र में उड़ने के दौरान ही विमान दिल्ली हवाई अड्डे पर वापस लौट आया. एअर इंडिया ने यात्रियों को हो ची मिन्ह सिटी ले जाने के लिए नए चालक दल के साथ एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की है और यह विमान शीघ्र ही अपने गंतव्य के लिए रवाना होगा. हालांकि, वैकल्पिक उड़ान के समय की जानकारी नहीं दी गई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu