श्रीलंका दौरा टीम गठन के लिए शानदार मौका: हरमनप्रीत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sat, 18 Jun 2022 08:50 PM
श्रीलंका दौरा टीम गठन के लिए शानदार मौका: हरमनप्रीत
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. अनुभवी मिताली राज और झूलन गोस्वामी की गैरमौजूदगी में श्रीलंका दौरे पर जा रही भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर का मानना है कि यह ‘टीम गठन’  के लिए शानदार मौका होगा. भारत की सबसे सफल महिला बल्लेबाज मिताली ने हाल ही संन्यास की घोषणा की है जबकि तेज गेंदबाज झूलन का टीम में चयन नहीं हुआ है.

हरमनप्रीत ने यहां आॅनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ हम अपनी टीम पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं, हमारे पास बेहतरीन संयोजन हैं. हम पहली बार सीनियर खिलाड़ियों के बिना जा रहे है, ऐसे में यह हमारे लिए नयी शुरुआत करने के नजरिये से एक अच्छा दौरा है. हम सभी के लिए टीम के गठन का यह एक बड़ा मौका है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मेरे लिए यह एक अच्छा मौका है जहां आप एक अच्छी टीम बना सकते हैं. मुझे नहीं लगता कि श्रीलंका हमारे लिए आसान दौरा होगा.’‘ पिछले काफी समय से टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम का नेतृत्व कर रही हरमनप्रीत को एकदिवसीय टीम की जिम्मेदारी दी गयी है. उन्होंने टीम में युवा खिलाड़ियों को अवसर देने पर जोर दिया.

भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘ हम युवा खिलाड़ियों को मौका देंगे जो अच्छा क्षेत्ररक्षण कर सकें और 10 ओवर की गेंदबाजी में लगातार विकेट निकालने की कोशिश में रहे. हम छोटी-छोटी चीजें करने की कोशिश कर रहे हैं. हमने एनसीए (राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी) में इन चीजों पर काम किया है और हमारे पास एक दृष्टिकोण है, हम उसे मैदान पर उतारने की कोशिश करेंगे.’’ भारत 23 जून से शुरू होने वाले इस दौरे पर तीन एकदिवसीय और इतने ही टी20 मैच खेलेगा.

इस मौके पर हरमनप्रीत से जब पूछा गया कि टीम में मिताली की जगह कौन लेगा तो उन्होंने कहा, ‘‘ हम सभी जानते हैं, उसने (मिताली) महिला क्रिकेट के लिए बहुत अच्छा किया है और मुझे नहीं लगता कि कोई भी इस जगह को भर सकता है. अगर आप मिताली दी के बारे में बात करते हैं, तो मुझे नहीं लगता कि कोई भी है जो उनकी जगह ले सकता है.’’ उन्होंने कहा कि टीम इस दौरे पर एकदिवसीय मैचों में 300 रन बनाने की कोशिश करेगी. हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘हमने विश्व कप में ऐसा करने की योजना बनायी थी लेकिन हम वहां 270, 280 के स्कोर तक पहुंच सके थे. लेकिन इस दौरे पर हमारी कोशिश 300 से अधिक रन बनाने की होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu