आदिवासियों पर टिप्पणी करने पर विजय देवरकोंडा के खिलाफ मामला दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 22 Jun 2025 07:41 PM
आदिवासियों पर टिप्पणी करने पर विजय देवरकोंडा के खिलाफ मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. हैदराबाद में एक फिल्म के रिलीज होने से पहले आयोजित एक कार्यक्रम में आदिवासियों के बारे में कथित रूप से टिप्पणी करने को लेकर अभिनेता विजय देवरकोंडा के खिलाफ अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार रोकथाम अधिनियम (एससी/एसटी कानून) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, अभिनेता ने अप्रैल में इस कार्यक्रम में पहलगाम के हालिया आतंकवादी हमले की तुलना 500 वर्ष पहले के आदिवासी युद्धों से की थी.

एक पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया,”अभिनेता ने अप्रैल में टिप्पणी की थी. लेकिन एक शिकायत के आधार पर 17 जून को उनके खिलाफ एससी/एसटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया.” जनजातीय समुदायों की संयुक्त कार्रवाई समिति की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष नेनावथ अशोक कुमार नाइक उर्फ अशोक राठौड़ द्वारा दर्ज करायी गयी शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फिल्म अभिनेता ने ‘रेट्रो’ फिल्म के रिलीज होने से पहले आयोजित कार्यक्रम में ऐसी टिप्पणियां कीं, जिससे आदिवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंची और उनका गंभीर अपमान हुआ.

राठौड़ ने आरोप लगाया कि देवरकोंडा ने आदिवासियों की तुलना पाकिस्तानी आतंकवादियों से की. उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणियों को नस्लीय रूप से अपमानजनक माना जा रहा है. तीन मई को देवकोंडा ने ‘एक्स’ पर एक बयान पोस्ट कर स्पष्ट किया था कि किसी भी समुदाय, विशेष रूप से अनुसूचित जनजातियों को चोट पहुंचाने या निशाना बनाने का उनका कोई इरादा नहीं था, क्योंकि वह उनका गहरा सम्मान करते हैं और उन्हें देश का अभिन्न अंग मानते हैं.

उन्होंने संदेश में कहा, ” अगर मेरे संदेश का कोई हिस्सा गलत समझा गया या चोट पहुंचाने वाला था, तो मैं ईमानदारी से खेद व्यक्त करता हूं. मेरा एकमात्र उद्देश्य शांति, प्रगति और एकजुटता की बात करना था. मैं अपने मंच का उपयोग विभाजन के लिए नहीं बल्कि एकजुटता को बढ़ावा देने के लिए करता हूं.” पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu