गुजरात में आप और भाजपा ने जीती एक-एक सीट; केरल में कांग्रेस, बंगाल में TMC को बढ़त

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 23 Jun 2025 02:37 PM
गुजरात में आप और भाजपा ने जीती एक-एक सीट; केरल में कांग्रेस, बंगाल में TMC को बढ़त
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: गुजरात, पंजाब, केरल और पश्चिम बंगाल की की पांच सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे सोमवार को जारी किए गए। गुजरात की दो सीटों में एक पर आम आदमी और एक पर भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली है। ऐसे ही पंजाब में आप, बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और केरल कांग्रेस उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं। उपचुनाव 19 जून को कराए गए थे।

केरल की नीलांबूर सीट
यह सीट मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की अगुवाई वाली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) के लिए प्रतिष्ठा से जुड़ी मानी जा रही है। यह सीट पीवी अनवर के इस्तीफे से खाली हुई थी। शुरुआत में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के उम्मीदवार आर्यदान शौकत को बढ़त मिलती दिख रही है। भाजपा की तरफ से एडवोकेट मोहन जॉर्ज मैदान में हैं, वहीं LDF ने एम. स्वरोज को उतारा है। इस सीट पर प्रियंका गांधी भी प्रचार कर चुकी हैं।

पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट
लुधियाना पश्चिम उपचुनाव में आम आदमी पार्टी जीत गई है। आप के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने पहले राउंड से बढ़त बनाए रखी जो आखिरी राउंड तक कायम रही। कांग्रेस के भारत भूषण आशु दूसरे नंबर पर रहे। भाजपा के जीवन गुप्ता को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। उपचुनाव में आप को 35179 वोट मिले। कांग्रेस के भारत भूषण आशु को 24542 मत मिले। भाजपा के जीवन गुप्ता को 20323 वोट मिले। शिअद के परउपकार सिंह घुम्मण 8203 वोट ही ले पाए। वहीं 793 लोगों ने नोटा का बटन दबाया।

गुजरात की कडी विधानसभा सीट
कडी अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट है, जो भाजपा विधायक कर्सन सोलंकी के निधन के बाद खाली हुई। भाजपा के राजेंद्र चावड़ा ने उपचुनाव में जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने कांग्रेस के रमेश चावड़ा को 39452 वाटों से हराया। AAP के जगदीश चावड़ा तीसरे नंबर पर रहे।

गुजरात की विसावदर सीट
विसावदर सीट पर आम आदमी पार्टी के पूर्व राज्य अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने भाजपा उममीदवार किरीट पटेल को 17554 वोटों से हराया। यह सीट आप विधायक भूपेंद्र भायाणी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। कांग्रेस उममीदवार के नितिन रणपरिया तीसरे नंबर पर रहे। भाजपा यहां 2007 से जीत नहीं दर्ज कर पाई है।

बंगाल की कालीगंज सीट
यह सीट टीएमसी विधायक नसीरुद्दीन अहमद के निधन से खाली हुई थी। उनकी बेटी अलिफा अहमद टीएमसी से चुनाव लड़ रही हैं और बढ़त में हैं। कांग्रेस के काबिल शेख और भाजपा के आशीष घोष भी मैदान में हैं। यह सीट मुस्लिम बहुल इलाका है और अगले साल के बंगाल चुनाव से पहले टीएमसी-भाजपा के लिए अहम मानी जा रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital