दिल्ली के सराय काले खां से मोदीपुरम तक दौड़ी ट्रेन, जानें कितने मिनट में पूरी की 82 किमी यात्रा

नई दिल्ली: नमो भारत कॉरिडोर पर रविवार को दिल्ली के सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच नमो भारत रैपिड ट्रेनों का ट्रायल रन पहली बार पूरा किया गया। रैपिड ने 82 किमी लंबी यात्रा एक घंटे से भी कम समय में पूरी की। इस ट्रायल के दौरान मेरठ मेट्रो भी नमो भारत ट्रेनों के साथ चल रहीं थीं। वहीं मेरठ में शताब्दीनगर से मोदीपुरम तक दो नमो भारत और मेट्रो ट्रेन से ट्रायल लगातार चल रहा है। ट्रैक पर एक साथ दो मेट्रो और दो नमो भारत को देख लोग उत्साहित हुए और इसके फोटो वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए।

इस ट्रायल के दौरान नमो भारत ट्रेनों को पूरे 82 किलोमीटर के हिस्से में 160 किलोमीटर प्रति घंटे की अपनी अधिकतम परिचालन गति से निर्बाध रूप से चलाया गया। ट्रेनों ने सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच हर स्टेशन पर स्टॉप लिया और एनसीआरटीसी द्वारा लक्षित शेड्यूल का पालन करते हुए एक घंटे से भी कम समय में इस दूरी को तय किया। एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने बताया कि नमो भारत कॉरिडोर पर, विश्व में पहली बार प्रयोग होने वाले, एलटीई बैकबोन पर आधुनिक ईटीसीएस लेवल 3 हाइब्रिड सिग्नलिंग सिस्टम को डिप्लॉय किया गया है। इस सिग्नलिंग सिस्टम ने हर स्टेशन पर इंस्टॉल किए गए प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर (पीएसडी) के साथ बिना किसी बाधा के, सफलतापूर्वक परीक्षण पूर्ण किया।

अभी मौजूदा समय में 11 स्टेशनों के साथ कॉरिडोर का 55 किलोमीटर हिस्सा यात्रियों के लिए पहले से ही परिचालित है। कॉरिडोर के बचे हुए यानी दिल्ली में सराय काले खां और न्यू अशोक नगर के बीच 4.5 किलोमीटर और मेरठ में मेरठ साउथ और मोदीपुरम के बीच लगभग 23 किलोमीटर के अपरिचालित खंड पर अंतिम फिनशिंग कार्यों के साथ-साथ ट्रायल रन चल रहा है। अतुल माहेश्वरी उपरिगामी सेतु के पास ही रोजाना दो नमो भारत और दो मेट्रो ट्रेन से ट्रायल हो रहा है और यहीं खड़ा किया जा रहा है। लोग एक साथ चार ट्रेनों की फोटो और वीडियो लगातार साझा कर रहे हैं। शहर में ट्रेन के जल्द दौड़ने के कयास लगाते हुए खुशी दिखा रहे हैं।

अगले माह सराय काले खां तक संचालन की तैयारी

नमो भारत रैपिड ट्रेन का जुलाई में भी शताब्दीनगर तक चलना मुनासिब नहीं दिखाई दे रहा। जून बीतने को है और अभी तक चीफ ऑफ रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) का दौरा नहीं हुआ है। बताया गया है कि उनके निरीक्षण के बाद बताए गए सुधारों पर काम होगा, इसमें महीने भर का समय अमूमन लगता है। इसके बाद ही शताब्दीनगर से ट्रेन संचालन संभव हो पाएगा। वहीं, दूसरी ओर दिल्ली के सराय काले खां तक ट्रायल तेजी से चल रहा है। संभावना है कि जुलाई में मेरठ साउथ से सराय काले खां तक नमो भारत का संचालन शुरू हो जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button