इजराइल-ईरान युद्धविराम ‘प्रभावी’ है, इजराइली विमान अब हमला नहीं करेंगे : ट्रंप

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 24 Jun 2025 07:58 PM
इजराइल-ईरान युद्धविराम ‘प्रभावी’ है, इजराइली विमान अब हमला नहीं करेंगे : ट्रंप
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इजराइल अपने लड़ाकू विमानों को वापस बुलाने जा रहा है और ईरान पर हमला करना बंद कर देगा. उन्होंने कहा कि मंगलवार को उनका युद्धविराम कुछ समय स्थगित रहने के बाद “प्रभावी” हो गया.

ट्रंप ने दोनों पक्षों पर युद्ध विराम का पालन करने का दबाव डालते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, “इजरायल ईरान पर हमला नहीं करने जा रहा है. सभी विमान वापस लौट जाएंगे. किसी को भी नुकसान नहीं होगा, युद्ध विराम प्रभावी है!” ट्रंप ने कहा कि वह ईरान में शासन परिवर्तन की उम्मीद नहीं कर रहे हैं, क्योंकि वहां अस्थायी युद्ध विराम लागू हो गया है.

इससे पहले, हेग में नाटो शिखर सम्मेलन के लिए रवाना होने से पहले व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने उन हमलों पर निराशा व्यक्त की थी जो शत्रुता रोकने के लिए मंगलवार की समय-सीमा के बाद भी जारी रहे. ट्रंप ने कहा, “उन्होंने इसका उल्लंघन किया, लेकिन इजराइल ने भी इसका उल्लंघन किया.” उन्होंने कहा, “मैं इजराइल से खुश नहीं हूं.” ट्रंप ने कहा, “मुझे यह बात पसंद नहीं आई कि हमारे साथ समझौता होने के तुरंत बाद ही इजराइल ने हमला शुरू कर दिया. और अब मैं सुन रहा हूं कि इजराइल ने सिर्फ इसलिए कदम उठाया क्योंकि उन्हें लगा कि एक रॉकेट ने उनकी सीमा का उल्लंघन किया है, जो कहीं गिरा ही नहीं.”

रिपब्लिकन राष्ट्रपति ने दोनों पक्षों पर गहरी नाराजगी जताई, जबकि उन्होंने इस समझौते को – जिसे उन्होंने मध्यस्थता कराकर हासिल किया था – ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिका के हवाई हमलों की अपनी रणनीतिक जोखिम भरी पहल की पुष्टि के रूप में पेश किया था. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने पुष्टि की कि अगर इजराइल चाहे तो ईरान भी अपने हमले रोक देगा. वहीं इजराइल ने भी पुष्टि की कि वह अपने अभियान के लक्ष्य तक पहुंच गया है और हमले बंद कर देगा.

हालांकि मंगलवार को यह अस्थायी संघर्ष विराम तब टूट गया जब इजराइल ने ईरान पर युद्ध विराम लागू होने के बाद उसके हवाई क्षेत्र में मिसाइल दागने का आरोप लगाया और जवाबी कार्रवाई करने का संकल्प जताया. सरकारी मीडिया के अनुसार, ईरान की सेना ने इजराइल पर हमला करने से इनकार किया है – लेकिन मध्याह्न के समय उत्तरी इजराइल में विस्फोटों की आवाजें गूंजीं और सायरन बजने लगे, तथा एक इजराइली सैन्य अधिकारी ने कहा कि दो ईरानी मिसाइलों को नष्ट कर दिया गया.

पत्रकारों से बात करते समय ट्रंप की हताशा स्पष्ट थी, उन्होंने अपनी बात को स्पष्ट करने के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया.
ट्रंप ने कहा, “मैं उनसे खुश नहीं हूं. मैं ईरान से भी खुश नहीं हूं, लेकिन मैं इस बात से भी बहुत नाखुश हूं कि इजराइल ने आज सुबह फिर हमला किया.” ट्रंप ने कहा, “हम मूल रूप से दो देश हैं जो इतने लंबे समय से और इतनी कड़ी लड़ाई लड़ रहे हैं कि उन्हें पता ही नहीं है कि वे क्या कर रहे हैं.” इसके बाद राष्ट्रपति ने अपने ट्रुथ सोशल मंच पर इजराइल को हमले बंद करने की चेतावनी दी. उन्होंने कहा, “इजराइल. उन बमों को मत गिराओ. अगर तुम ऐसा करते हो, तो यह एक बड़ा उल्लंघन होगा. अपने पायलटों को अभी वापस बुलाओ!”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu