राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर फडणवीस ने किया पलटवार

मुंबई. महाराष्ट्र में मतदाता सूची में हेराफेरी के कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों को लेकर मंगलवार को भाजपा और कांग्रेस नेताओं ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी के आरोपों को लेकर उन पर निशाना साधते हुए कहा कि वह (गांधी) ‘अंधाधुंध तीर चलाने’ से पहले अपनी पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों से बात करें.

प्रदेश कांग्रेस प्रमुख हर्षवर्धन सपकाल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री फडणवीस के नागपुर दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र में पांच महीने में मतदाताओं की संख्या आठ प्रतिशत बढ़ गई. सपकाल ने इसे चुनावी धोखाधड़ी करार देते हुए फडणवीस के इस्तीफे की मांग की. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पिछले साल हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की शुचिता को लेकर मंगलवार को एक बार फिर सवाल खड़े किए और आरोप लगाया कि प्रदेश में वोट की चोरी हुई है और इस बारे में जानकारी छिपाना ही इसकी स्वीकारोक्ति है.

उन्होंने यह भी कहा कि निर्वाचन आयोग को डिजिटल मतदाता सूची और सीसीटीवी फुटेज तत्काल जारी करनी चाहिए. गांधी ने मीडिया में आई एक खबर साझा की जिसमें दावा किया गया था कि 2024 के लोकसभा चुनाव और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बीच सिर्फ छह महीनों में नागपुर दक्षिण-पश्चिम में 29,219 नए मतदाता जुड़े हैं. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अपने निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या केवल पांच महीनों में आठ प्रतिशत बढ़ गई.

उन्होंने दावा किया, ”कुछ बूथों पर 20-50 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई. बीएलओ ने अज्ञात व्यक्तियों द्वारा वोट डालने की सूचना दी. मीडिया ने बिना किसी सत्यापित पते वाले हजारों मतदाताओं को उजागर किया. और ईसी? चुप – या मिलीभगत!” फडणवीस ने हिंदी के एक मुहावरे का इस्तेमाल कर गांधी के दावों को सिरे से खारिज करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”झूठ बोले कौवा काटे, काले कौवे से डरियो… राहुल गांधी, माना कि महाराष्ट्र की करारी हार की आपकी पीड़ा दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, लेकिन कब तक हवा में तीर चलाते रहेंगे? ” मुख्यमंत्री ने गांधी के आरोपों का खंडन करते हुए विशिष्ट निर्वाचन क्षेत्रों का हवाला भी दिया, जहां मतदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई थी और कांग्रेस या उसके सहयोगी दल विजयी हुए थे.

उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में 25 से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच मतदाताओं की संख्या में आठ प्रतिशत से अधिक की वृद्धि देखी गई. फडणवीस ने उदाहरण देते हुए कहा, ”मेरी अपनी दक्षिण पश्चिम सीट से लगे पश्चिम नागपुर में मतदाताओं की संख्या में सात प्रतिशत (27,065) की वृद्धि हुई, और कांग्रेस उम्मीदवार विकास ठाकरे ने जीत हासिल की. उत्तर नागपुर में, सात प्रतिशत की वृद्धि (29,348 मतदाता) हुई और कांग्रेस के नितिन राउत ने जीत हासिल की.” राहुल गांधी की संवाद शैली पर कटाक्ष करते हुए फडणवीस ने सुझाव दिया कि कांग्रेस नेता को ट्वीट करने से पहले अपने पुराने सहयोगियों असलम शेख, विकास ठाकरे या नितिन राउत से बात करनी चाहिए थी.

मुख्यमंत्री ने कहा, ”इस तरह, कम से कम कांग्रेस में संवाद के अभाव का इतना बुरा प्रदर्शन नहीं होता….” प्रदेश कांग्रेस प्रमुख सपकाल ने आरोप लगाया कि प्रतिदिन ऐसे साक्ष्य सामने आ रहे हैं जो बताते हैं कि भाजपा नीत महायुति गठबंधन 2024 के राज्य विधानसभा चुनावों के दौरान वोटों में हेराफेरी करके महाराष्ट्र में सत्ता में आया है.

सपकाल ने कहा, ” राहुल गांधी लगातार चुनावी धांधली का मुद्दा उठाते रहे हैं. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले के कामठी निर्वाचन क्षेत्र में धांधली उजागर होने के बाद अब यह बात सामने आई है कि मुख्यमंत्री फडणवीस के नागपुर दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र में महज पांच महीने में मतदाताओं की संख्या में आठ प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है.” उन्होंने कहा कि फडणवीस को नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए और इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि भाजपा की ‘वोट धांधली’ उजागर हो गई है. इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) प्रसाद लाड ने भी गांधी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके दावे कांग्रेस के भीतर “हताशा का परिणाम” हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button