पंजाब, गुजरात उपचुनाव में जीत 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए ‘सेमीफाइनल’: केजरीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 25 Jun 2025 08:01 PM
पंजाब, गुजरात उपचुनाव में जीत 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए ‘सेमीफाइनल’: केजरीवाल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब और गुजरात में विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की जीत को 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए ”सेमीफाइनल” करार दिया और कहा कि पार्टी दोनों राज्यों में अगली सरकार बनाने की राह पर है. केजरीवाल ने गुजरात की विसावदर और पंजाब की लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में पार्टी की दोहरी जीत का जश्न मनाने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित किया.

उन्होंने कहा, ”गुजरात और पंजाब में उपचुनाव सेमीफाइनल थे और 2027 के विधानसभा चुनाव में हम पंजाब में 100 सीट का आंकड़ा पार कर जाएंगे तथा सरकार बनाएंगे.” केजरीवाल ने गुजरात में जीत दर्ज करने वाले गोपाल इटालिया और लुधियाना पश्चिम में जीतने वाले संजीव अरोड़ा को बधाई दी और पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए जनता को धन्यवाद दिया.

उन्होंने कहा, ”हम पंजाब में पिछले तीन साल से सत्ता में हैं. सरकार विरोधी लहर तो छोड़िए सरकार के समर्थन में लहर तो है ही. 2022 के विधानसभा चुनाव में हमने 92 सीट जीतीं और ऐसा लग रहा है कि 2027 में हम 100 सीट का आंकड़ा पार कर जाएंगे.” आप प्रमुख ने कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मिला हुआ है. उन्होंने कहा, ”आप व्यवस्था के खिलाफ लड़ रही है. हम लोगों को स्वच्छ राजनीति देने आए हैं. गुजरात में लोग भाजपा से तंग आ चुके हैं. पहले उनके पास कोई विकल्प नहीं था. कांग्रेस कोई विकल्प नहीं है. उन्हें आप में विकल्प दिखता है और पार्टी से उम्मीदें हैं.” केजरीवाल ने कहा, ”हम 2027 में गुजरात में सरकार बनाएंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu