उदयपुर/नयी दिल्ली. राजस्थान के उदयपुर में विज्ञापन शूट के लिए आई फ्रांसीसी महिला से कथित तौर पर दुष्कर्म करने के लिए एक युवक को गिरफ्तार किया गया. पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान चित्तौड़गढ़ के गंगरार निवासी 29 वर्षीय पुष्पराज उर्फ सिद्धार्थ ओझा के रूप में हुई है और आरोपी एक कास्टिंग कंपनी का मालिक है.
उन्होंने बताया कि आरोपी फिल्मों, संगीत वीडियो व टेलीविजन धारावाहिकों के लिए काम कर चुका है और पिछले आठ वर्ष से उदयपुर में रह रहा है. उदयपुर के पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि पुष्पराज की कंपनी ने महिला को मोबाइल विज्ञापन शूट के लिए काम पर रखा था और इसकी शूटिंग 22 जून को उदयपुर के विभिन्न स्थानों पर हुई, जिसमें पिछोला झील, सज्जनगढ़ किला और स्थानीय रेस्तरां शामिल हैं.
उन्होंने बताया कि शूटिंग के बाद पूरी यूनिट ने टाइगर हिल के पास एक कैफे में कथित तौर पर पार्टी की और पार्टी के बाद आरोपी महिला को धूम्रपान के बहाने सुखेर स्थित अपने फ्लैट पर ले गया और उसका यौन शोषण किया. पुलिस ने दावा किया कि पूछताछ के दौरान पुष्पराज ने अपना अपराध कबूल कर लिया. इस बीच, कांग्रेस की शहर इकाई के अध्यक्ष फतेह सिंह राठौर की अगुवाई में कुछ स्थानीय कार्यकर्ताओं ने आरोपी पुष्पराज को पूछताछ के लिए लिये जाते समय उससे कथित तौर पर हाथापाई की कोशिश की.
पुलिस ने बताया कि आरोपी को जब पुलिस अधीक्षक कार्यालय लेकर जाया जा रहा था, तब कुछ लोगों ने उस पर कथित रूपल से हमला करने की कोशिश भी की. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा और उपाधीक्षक कैलाश चंद्र ने स्थिति को शांत करने व भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हस्तक्षेप किया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया.
दिल्ली युवती हत्या : परिवार ने आरोपी को मौत की सजा दिए जाने की मांग की
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के अशोक नगर में युवती को छत से धक्का देकर मारने के आरोपी को युवती के परिजनों ने मौत की सजा दिए जाने की मांग की है. युवती के शोकाकुल माता-पिता ने आरोपी के लिए कठोरतम सजा की मांग करते हुए कहा है कि आरोपी को मृत्युदंड दिया जाना चाहिए तभी उनकी बेटी को न्याय मिल सकेगा.
दिल्ली के अशोक नगर में 19 वर्षीय युवती से विवाद के बाद एक व्यक्ति ने उसे छत से धक्का दे दिया, जिससे युवती की मौत हो गयी.
युवती के पिता सुरेंद्र ने कहा, ” मेरी बेटी को ऐसे नहीं मरना चाहिए था. जिस आदमी ने ऐसा किया है, उसे भी ऐसी ही सजा मिलनी चाहिए. उसे भी वैसा ही दर्द महसूस होना चाहिए.” युवती की मां कांता ने भी आरोपी को मौत की सजा दिए जाने की मांग करते हुए कहा, ”उसे फांसी होनी चाहिए. तभी मेरी बेटी की आत्मा को शांति मिलेगी.” कांता ने कहा कि जब उनकी बेटी पानी की टंकी की जांच करने के बाद वापस नहीं लौटी तो उनके पति छत पर पहुंचे.
युवती की मां ने कहा, ” जब वह (युवती के पिता) छत पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि एक आदमी उनकी बेटी से झगड़ रहा है. जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी ने उन्हें धक्का देकर दूर कर दिया और हमारी बेटी को छत से नीचे फेंक दिया. ” युवती की छोटी बहन मीनाक्षी इस घटना से अभी भी सदमे में है और उसने कहा, ”आरोपी को गोली मार देनी चाहिए.” पुलिस के अनुसार 26 वर्षीय आरोपी तौफीक को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया. तौफीक ने सोमवार को कथित तौर पर बुर्का पहनकर युवती के घर में प्रवेश किया और बहस के बाद उसे पांचवीं मंजिल की छत से धक्का दे दिया.
उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी तौफीक कथित तौर पर युवती के साथ रिश्ते में था. पुलिस सूत्रों के अनुसार जब युवती को पता चला कि तौफीक किसी और से शादी करने वाला है तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया इसके बाद पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या का आरोप जोड़ा. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि घटना की कड़ियों का पता लगाने के लिए क्षेत्र से सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. जांच में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं.