
नयी दिल्ली. ‘फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई)’ ने ‘बॉर्डर 2’ में दिलजीत दोसांझ को लिए जाने पर आपत्ति जताई है. यह विरोध उनकी फिल्म ‘सरदार जी 3’ पर उठे विवाद को लेकर हो रहा है, जिसमें पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर ने अभिनय किया है.
विवाद तब शुरू हुआ जब दिलजीत दोसांझ ने इसी सप्ताह अपनी फिल्म ‘सरदार जी 3’ का ट्रेलर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने दिलजीत दोसांझ के बहिष्कार की मांग की. यह फिल्म 27 जून को केवल विदेशों में रिलीज होगी. मंगलवार शाम को ‘बॉर्डर 2’ के निर्माताओं को भेजे गए एक पत्र में, एफडब्ल्यूआईसीई ने कहा कि वह फिल्म में दोसांझ को लिए जाने से बहुत निराश और चिंतित हैं.
पत्र में लिखा गया,” फिल्म में भूमिकाओं को लेकर अभिनेताओं के चयन का फैसला सीधे तौर पर एफडब्ल्यूआईसीई के उस आधिकारिक निर्देश का उल्लंघन है, जिसमें ‘सरदार जी 3’ में पाक अभिनेत्री हानिया आमिर के साथ काम करने के देश विरोधी कृत्य के लिए अभिनेता दिलजीत दोसांझ का बहिष्कार करने को कहा गया था.” उसने कहा, ”ऐसे कलाकार के साथ काम करके, जिसने खुलेआम देश में मौजूदा तनाव और राष्ट्रीय भावना की अनदेखी की है, आपकी फिल्म ने देश के साथ एकजुट खड़े भारतीय फिल्म उद्योग के रुख को कमजोर किया है.”
‘बॉर्डर 2’ का निर्माण जेपी फिल्म्स और टी-सीरीज. द्वारा किया जा रहा है. 1997 में आई फिल्म ‘बॉर्डर’ के सीक्वल के तौर पर आ रही इस फिल्म से दिलजीत दोसांझ सितंबर 2023 में जुड़े थे. फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन और अहान शेट्टी भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे.
दिलजीत दोसांझ ने ‘सरदार जी 3’ को केवल विदेशों में रिलीज करने के फैसले का बचाव किया
पंजाबी अभिनेता-गायक दिलजीत दोसांझ ने पाकिस्तानी कलाकार हानिया आमिर की भूमिका को लेकर उत्पन्न विवाद के बीच फिल्म ‘सरदार जी 3’ को विदेशों में रिलीज किए जाने के फैसले का बचाव किया. यह विवाद पिछले दिनों दोसांझ द्वारा ‘सरदार जी 3’ का ट्रेलर साझा किए जाने के बाद शुरू हुआ, जिसे 27 जून को विदेशों में रिलीज किया जाएगा.
सोशल मीडिया में कई लोगों ने पंजाबी अभिनेता-संगीतकार पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है, जबकि ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) जैसे संगठनों ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर आमिर के साथ काम करने के लिए दोसांझ की आलोचना की है.
दोसांझ ने बीबीसी एशियन नेटवर्क के साथ एक साक्षात्कार में कहा कि जब उन्होंने फिल्म साइन की थी, तब भारत और पाकिस्तान के बीच कोई परेशानी नहीं थी. उन्होंने कहा कि फिल्म के निर्माता पहले ही घाटे का सामना कर रहे हैं, क्योंकि पाकिस्तानी कलाकारों पर प्रतिबंध के कारण यह फिल्म भारत में नहीं प्रर्दिशत होगी और ऐसे में इसे विदेश में रिलीज करना उचित है.
उन्होंने कहा, ”जब यह फिल्म बन रही थी, तब स्थिति ठीक थी… हमने इसकी शूटिंग फरवरी में की थी और उस समय सब कुछ ठीक चल रहा था. देखिए, बहुत सी चीजें हैं जो हमारे नियंत्रण में नहीं हैं. जाहिर है, अब यह फिल्म भारत में रिलीज नहीं होगी, इसलिए निर्माताओं ने फैसला किया कि इसे विदेशों में रिलीज किया जाए.” दोसांझ ने कहा कि निर्माताओं ने इस फिल्म में काफी पैसा लगाया है और उन्हें दोनों देशों के बीच तनाव बढ.ने की कोई उम्मीद नहीं थी.



