ऑपरेशन सिंधु: ईरान से 272 भारतीयों, तीन नेपाली नागरिकों को निकाला गया

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 26 Jun 2025 03:17 PM
ऑपरेशन सिंधु: ईरान से 272 भारतीयों, तीन नेपाली नागरिकों को निकाला गया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: भारत ने इजराइल के साथ संघर्ष के बाद ईरान से 272 भारतीय और तीन नेपाली नागरिकों को निकाला है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। भारतीयों को लेकर एक विशेष विमान ईरानी शहर मशहद से आधी रात के बाद दिल्ली पहुंचा।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ऑपरेशन सिंधु अपडेट: 272 भारतीय और 3 नेपाली नागरिकों को ईरान से एक विशेष विमान के जरिये निकाला गया, जो 26 जून को 00:01 बजे (25 जून आधी रात 12 बजे के बाद) मशहद से नयी दिल्ली पहुंचा। ऑपरेशन सिंधु के तहत 3426 भारतीय नागरिकों को ईरान से स्वदेश लाया गया है।’’

भारत ने बुधवार को ईरान से 296 भारतीय नागरिकों और चार नेपाली नागरिकों को निकाला था। भारत ने मंगलवार को ईरान और इजराइल से 1,100 से अधिक नागरिकों को निकाला था। उसने इजराइल से 594 भारतीयों की स्वदेश वापसी कराई जिनमें से 400 से अधिक के लिए भारतीय वायु सेना के सी-17 हेवी-लिफ्ट विमान का उपयोग किया गया।

साथ ही, 161 भारतीयों को अम्मान से एक चार्टर्ड उड़ान में वापस लाया गया। वे सड़क मार्ग से इजराइल से जॉर्डन की राजधानी अम्मान पहुंचे थे। विदेश मंत्रालय द्वारा साझा किए गए विवरणों के अनुसार, मंगलवार को दो चार्टर्ड उड़ानों में कुल 573 भारतीयों, तीन श्रीलंकाई और दो नेपाली नागरिकों को ईरान से निकाला गया।

पिछले कई दिन में ईरान से निकाले गए भारतीय नागरिकों को कई अन्य उड़ानों से वापस लाया गया है।
एक सप्ताह से अधिक समय पहले इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद से दोनों देशों ने एक-दूसरे के शहरों और सैन्य तथा रणनीतिक ठिकानों पर सैकड़ों मिसाइल और ड्रोन दागे हैं।

भारत ने 18 जून से ईरानी शहर मशहद, आर्मेनिया की राजधानी येरेवन और तुर्कमेनिस्तान की राजधानी अश्गाबात से संचालित चार्टर्ड उड़ानों के जरिए अपने नागरिकों को निकाला है। ईरान ने मशहद से तीन चार्टर्ड उड़ानों की सुविधा के लिए 20 जून को हवाई क्षेत्र प्रतिबंध हटा दिए थे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital