उत्तराखंड : बदरीनाथ जा रही मिनी बस अलकनंदा में गिरी, तीन की मौत और नौ लापता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Jun 2025 08:50 PM
उत्तराखंड : बदरीनाथ जा रही मिनी बस अलकनंदा में गिरी, तीन की मौत और नौ लापता
ऑडियो सुनें

रुद्रप्रयाग. उत्तराखंड में श्रद्धालुओं को लेकर बदरीनाथ जा रही एक मिनी बस बृहस्पतिवार को रुद्रप्रयाग और गौचर के बीच अनियंत्रित होकर उफनाई अलकनंदा नदी में समा गयी जिससे उसमें सवार तीन व्यक्तियों की मृत्यु हो गयी तथा नौ अन्य लापता हो गए . पुलिस ने बताया कि हादसा रुद्रप्रयाग और गौचर के बीच घोलतीर गांव के पास सुबह लगभग साढ़े सात बजे हुआ . हादसे के समय 31 यात्रियों की क्षमता वाली मिनी बस में महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश और राजस्थान के श्रद्धालुओं और चालक समेत कुल 20 लोग सवार थे .

रुद्रप्रयाग के पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे ने बताया कि तीन श्रद्धालुओं के शव बरामद हो गए हैं और हादसे में आठ लोग घायल हैं .
उन्होंने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल की मदद से अभियान चलाया जा रहा है .
बचाव दलों ने बताया कि हादसे के दौरान वाहन में सवार कुछ श्रद्धालु पहाड़ी पर ही छिटक कर घायल हो गए थे जिन्हें उपचार के लिए निकटवर्ती अस्पताल भेजा गया है . कुछ घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एम्स ऋषिकेश के लिए रेफर कर दिया गया है .

बस नदी में समाकर लापता हो गयी . राहत एवं बचाव कार्यों में नदी का तेज बहाव चुनौती बना हुआ है लेकिन बचाव दल लगातार श्रद्धालुओं की खोजबीन में जुटे हुए हैं . मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है . सोशल मीडिया पर एक संदेश में उन्होंने कहा कि पुलिस तथा एसडीआरएफ सहित अन्य एजेंसियों द्वारा युद्धस्तर पर बचाव कार्य किया जा रहा है . धामी ने कहा कि वह निरंतर स्थानीय प्रशासन के साथ संपर्क में हैं .

आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि मृतकों की पहचान, मध्यप्रदेश के राजगढ़ के रहने वाले विशाल सोनी (42) और गौरी सोनी (41) और गुजरात के सूरत के रहने वाले ड्रिमी (17) के रूप में हुई है . लापता श्रद्धालुओं में राजस्थान के उदयपुर के रहने वाले रवि भावसर (28), संजय सोनी (55), चेतना सोनी (52) एवं सुशीला सोनी (77), गुजरात की मौली सोनी (19), चेष्टा (12) राजस्थान के गोगुंडा के रहने वाले ललित कुमार सोनी (48), गुजरात के सूरत की मयूरी (24) और महाराष्ट्र की कट्टा रंजना अशोक (54) शामिल हैं .

घायलों की पहचान राजस्थान में सिरोही मीणा की दीपिका सोनी (42), राजस्थान के गोगुंडा की हेमलता सोनी (45), गुजरात के ईश्वर सोनी (46), भावना ईश्वर (43), भव्य सोनी (सात), महाराष्ट्र की अमिता सोनी (49), मध्यप्रदेश के राजगढ़ के पार्थ सोनी (10) और हरिद्वार का रहने वाला चालक सुमित कुमार (23) के तौर पर हुई है .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu